कल्पना सोरेन बनेंगी मंत्री! झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले क्यों हो रही चर्चा?

झारखंड विधानसभा चुनाव में लगभग पांच महीने ही बाकी हैं। लेकिन, फिर भी अगले महीने राज्य की चंपई सोरेन सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज है। सबसे ज्यादा अटकलें इस बात को लेकर लग रही हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी इस सरकार का हिस्सा बन सकती हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के मंत्रिमंडल में अभी दो मंत्रियों की जगह खाली है। झारखंड में हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में अपने पति की गैर-मौजूदगी में कल्पना सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा ही नहीं, बल्कि इंडिया ब्लॉक की स्टार प्रचारक के तौर पर कमान संभाला था।

kalpana soren

चंपई कैबिनेट का हिस्सा बन सकती हैं कल्पना सोरेन
इसके साथ-साथ उन्होंने मई में गांडेय विधानसभा का उपचुनाव भी जीता है। कल्पना के पति हेमंत सोरेन इस साल जनवरी से कथित जमीन हड़पने के मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद हैं। ईटी ने जेएमएम सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की प्रमुख चेहरा के तौर पर पेश करने के लिए उन्हें चंपई कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

विधानसभा चुनावों के बाद पारी बदलने की तैयारी!
वैसे खुद कल्पना सोरेन के करीबी सूत्र इन अटकलों को खारिज कर रहे हैं। उनका तर्क है कि जब सरकार का कार्यकाल 6 महीने से भी कम बचा है, ऐसे में वह उसका हिस्सा क्यों बनेंगी। जहां तक कल्पना को मुख्यमंत्री बनाए जाने का सवाल है तो पार्टी फिलहाल यह जोखिम नहीं लेना चाहेगी।

क्योंकि, इससे पार्टी के अंदर ही विद्रोह की स्थिति पैदा होने की आशंका है। लेकिन, अगर विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा तो फिर उनपर दांव लगाने से इनकार नहीं किया जा सकता।

चंपई सरकार में दो मंत्री पद खाली
झारखंड में मुख्यमंत्री के अलावा 12 कैबिनेट मंत्री हो सकते हैं। अभी 10 कैबिनेट मंत्री हैं, जिसमें जेएमएम के 7, कांग्रेस के 3 और आरजेडी के 1 मंत्री हैं। जो 2 पद खाली हैं, उनमें से एक जेएमएम कोटे के मंत्री की मौत की वजह से और एक कांग्रेस कोटे के आलमगीर आलाम की मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तारी की वजह से खाली हुई हैं।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस अपने मुस्लिम मंत्री की जगह जामताड़ा के एक मुस्लिम विधायक इरफान अंसारी को ही कैबिनेट में जगह दिलवाने की तैयारी में है। जबकि, दूसरी वैकेंसी के लिए कल्पना सोरेन का नाम आगे चल रहा है।

वैसे एक सूत्र ने बताया, 'एक वैकेंसी अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए है। इसे आदिवासी से भरने में भी जोखिम है। लेकिन, कल्पना सोरेन के आदिवासी महिला होने की वजह से इसे सही ठहराया जा सकता है।'

82 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में जेएमएम की अगुवाई वाले इंडिया ब्लॉक के 47 एमएलए हैं। इनमें जेएमएम के 29, कांग्रेस के 17 और आरजेडी के 1 विधायक हैं। हेमंत सोरेन ने जेल जाने से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद 2 फरवरी को 67 वर्षीय चंपई सोरेन को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई थी।

वैसे लोकसभा चुनावों में कल्पना सोरेन को आगे रखकर सहानुभूति बटोरने का जेएमएम और इंडिया ब्लॉक का दांव ज्यादा नहीं चला था। 14 लोकसभा सीटों में से बीजेपी के अगुवाई वाले एनडीए को 9 सीटें मिली थीं और इंडिया ब्लॉक को सिर्फ 5 सीटें मिल पाई थी, जिसमें से 3 पर जेएमएम जीता था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+