क्रिकेट के रास्ते सियासत में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया की एंट्री! मिली है ये जिम्मेदारी
क्रिकेट के रास्ते सियासत में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया की एंट्री! मिली है ये जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 04 अप्रैल: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया की अब क्रिकेट के जरिए सियासत में लॉन्चिंग हो सकती है। कुछ दिनों पहले ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि युवराज महाआर्यमन सिंधिया की जल्द ही राजनीति में लॉन्चिंग हो सकती है। डायरेक्ट सियासत में तो नहीं लेकिन क्रिकेट के जरिए ग्वालियर से इनकी लॉन्चिंग हो गई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया को रविवार (03 अप्रैल) को ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन के एक पदाधिकारी ने इस बात की सूचना दी है।

26 वर्षीय महाआर्यमन सिंधिया को मिली ये जिम्मेदारी
एसोसिएशन के सचिव संजय आहूजा ने कहा कि 26 वर्षीय महाआर्यमन सिंधिया को हाल ही में आयोजित संगठन की वार्षिक आम बैठक के बाद रविवार (03 अप्रैल) को नई कार्यकारी समिति में ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व आईएएस प्रशांत मेहता हैं। आहूजा ने कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जीडीसीए के संरक्षक हैं।

क्रिकेट प्रेमी हैं महाआर्यमन सिंधिया
सिंधिया परिवार के करीबी रहे भाजपा नेता पंकज चतुर्वेदी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि महाआर्यमन सिंधिया खेल प्रेमी रहे हैं खासकर क्रिकेट प्रेमी और उनकी नियुक्ति से ग्वालियर संभाग की क्रिकेट प्रतिभा सामने आएगी।''
भाजपा नेता पंकज चतुर्वेदी ने कहा, ''इसे राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए। वह क्रिकेट प्रेमी हैं और इस क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।''

MP क्रिकेट एसोसिएशन रहा है सिंधिया राजघराने का दबदबा
बता दें शुरुआत से ही सिंधिया राजघराने का मध्य प्रदेश की क्रिकेट एसोसिएशन पर दबदबा रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी क्रिक्रेट बहुत पसंद है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पहल पर ग्वालियर में भव्य क्रिकेट स्टेडियम का किया जा रहा है।
27 मार्च 2022 को ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की एजीएम हुई थी। इसी बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हुई थी। जिसके बाद रविवार को महाआर्यमन सिंधिया को ये पद दिया गया।

जल्द कर सकते हैं महाआर्यमन सिंधिया राजनीति में एंट्री
महाआर्यमन सिंधिया ने 2019 में अपनी पढ़ाई पूरी की है। उसके बाद से महाआर्यमन सिंधिया अपने घर पर रह रहे हैं। कई मौकों पर उन्हें अपने पिता के साथ सार्वजनिक मौकों पर भी देखा गया है। ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब ये चर्चा तेज हो गई है कि वह जल्द ही राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। ये चर्चा तेज है कि महाआर्यमन सिंधिया 2023 विधानसभा या 2024 के लोकसभा चुनाव से राजनीति में एंट्री कर सकते हैं।

जानें महाआर्यमन सिंधिया के बारे में?
महाआर्यमन अपने पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरह ही दून स्कूल से पढ़े हैं। स्कूली शिक्षा खत्म करने के बाद वो पढ़ाई के लिए विदेश चले गए थे। महाआर्यमन ने अमेरिका के शिकागो की येल यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री ली है। मध्य प्रदेश के लोग महाआर्यमन को सिंधिया की तरह ही युवराज कहकर भी संबोधित करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications