शरजील इमाम का कबूलनामा- वीडियो में जो कहा, मुझे उसपर कोई पछतावा नहीं: दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली। देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार हुए शरजील इमाम ने पुलिस पूछताछ में बड़ा कबूलनामा किया है। दिल्ली पुलिस के दावों के मुताबिक पूछताछ में शरजील ने माना है कि विवादित और भड़काऊ भाषणों वाला वीडियो उसी का है। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसने किसी और रिफरेंस में यह बात कही थी, लेकिन उसकी बातों का गलत मतलब निकाला गया। पुलिस के मुताबिक शरजील ने कहा, 'वीडियो मेरा ही है। इसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है, लेकिन यह मेरा पूरा क्लिप नहीं है।
Recommended Video

इतना ही नहीं पूछताछ में शरजील ने यह भी कबूल किया है कि उसे उसकी गिरफ्तारी पर कोई अफसोस नहीं है। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि पूछताछ में शरजील ने कहा कि भारत इस्लाम राष्ट्र होना चाहिए। यहां मुसलमानों के साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है।
5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा कोर्ट ने
देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार किए गए शरजील इमाम को दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। शरजील की वकील मिशिका सिंह ने बताया कि उसे कड़ी सुरक्षा के बीच शाम में मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट पुरुषोत्तम पाठक के आवास पर उनके समक्ष पेश किया गया। वकील ने बताया कि पुलिस ने शरजील से पूछताछ के लिए छह दिनों की हिरासत मांगी थी। जामिया मिल्लिया इस्लामिया और अलीगढ़ में भड़काऊ बयान देने के आरोप में शरजील को मंगलवार को बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार किया गया था। उसे बुधवार को दिल्ली लाया गया।
VIDEO में ये कह रहा था शरजील
जिस विवादित वीडियो के आधार पर शरजील को गिरफ्तार किया गया, उसमें वह कहता दिख रहा है- 'आप जानते हो असम में मुसलमानों के साथ क्या हो रहा है? एनआरसी वहां लागू हो चुका है और लोगों को डिटेंशन कैंपों में भेजा जा रहा है। शरजील ने कहा कि हमें असम के रास्ते बंद करने होंगे जिससे सेना और अन्य सप्लाई वहां न पहुंच सके। मुर्गी की गर्दन मुसलमानों के हाथ में है।' बता दें कि असम को भारत से काटकर अलग करने का आह्वान करने वाला शरजील इमाम जेएनयू में मॉडर्न हिस्ट्री का छात्र है। उसने आईआईटी बॉम्बे से कम्प्यूटर साइंस की पढ़ाई की है. साथ ही कई वेबसाइटों में स्तंभ लिखता है।












Click it and Unblock the Notifications