'कश्मीर के नेताओं' वाले जितेंद्र सिंह के बयान पर भड़के फारूक अब्दुल्ला, बताया 'पाकिस्तानी'
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हाल ही में पाकिस्तान की तारीफ की थी जिसके बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनपर निशाना साधा था। जितेंद्र सिंह ने कहा था कि कश्मीर के नेताओं की फितरत है जो समय के साथ बदलते रहते हैं। जब वे लोग सत्ता से बाहर फेंक दिए जाते हैं तो पाक की तारीफ करने लगते हैं और सत्ता में होते हैं तो भारत की एकता और अखंडता की शपथ लेते हैं। जितेंद्र सिंह के इस बयान के बाद अब फारूक अब्दुल्ला ने उनपर हमला बोला है।

फारूख अब्दुल्ला ने हमला बोलते हुए कहा कि जितेंद्र सिंह ने आज तक क्या किया है और किस बात के मंत्री हैं। उनके पास अपना काम दिखाने के लिए कुछ होना चाहिए। वे कैसी बातें कर रहे हैं। क्या हम लोग भारतीय नहीं हैं। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जितेंद्र सिंह जैसे लोग पाकिस्तानी हैं, हम नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग झूठ बोलकर सत्ता में आए हैं।
जितेंद्र सिंह ने कहा था कि केवल पीडीपी ही नहीं नैशनल कॉन्फ्रेंस का भी यही रवैया रहा है। जब अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री थे जब वे कहते थे कि पीओके में आतंकियों के कैंप क्यों नहीं तबाह किए जा रहे हैं। अब जब वे सत्ता से बाहर हैं तो क्या बोल रहे हैं, सभी को मालूम है। ये उनकी प्रचलित कला रही है और ये सभी जानते हैं।
इसके पहले, महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान की तारीफ करते हुए कहा था, 'यदि आप तुलना करते हैं तो आप देखेंगे कि धर्म के आधार पर गठित पाकिस्तान और धर्मनिरपेक्षता की बुनियाद पर गठित अपने देश में किस तरह का अंतर है,अपने देश में मुस्लिम नामों वाले स्मारकों और पुराने शहरों को हिंदू नाम दिए जा रहे हैं, गायों के नाम पर मुसलमानों का कत्ल किया जा रहा है। हिंदुत्व के नाम पर देश में सियासत हो रही है।'












Click it and Unblock the Notifications