'चंपई सोरेन अच्छे CM थे, उनको हटाना दुर्भाग्यपूर्ण था', BJP नेताओं के बयान से झारखंड में सियासी हलचल तेज
Jharkhand Politics News: झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही राज्य में राजनीतिक दांवपेंच शुरू हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
अब भाजपा नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है। दीपक प्रकाश ने कहा है कि चंपई सोरेन अच्छे CM थे, उनको जिस तरह से हटाया गया, वो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण था।

ये भी पढ़ें- 'हम तो आपके सामने ही हैं', BJP में जाने पर बोले चंपई सोरेन, क्यों हो रही है हेमंत से बगावत की चर्चा?
चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर क्या बोले दीपक प्रकाश?
दीपक प्रकाश ने कहा,
"मैंने यह सिर्फ रिपोर्ट्स में सुना है। मेरे पास कोई प्रामाणिक जानकारी नहीं है। वह (चंपई सोरेन) एक अच्छे सीएम के रूप में झारखंड की सेवा कर रहे थे। सब कुछ केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करता है। वह एक बड़ी शख्सियत हैं। झारखंड के 3.5 करोड़ लोग उनके काम से खुश थे। लेकिन जिस तरह से उन्हें सीएम पद से हटाया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण था। यह एक झटका था कि एक अच्छे व्यक्ति को सीएम की कुर्सी से हटा दिया गया। उनका क्या दोष था?"
ये भी पढ़ें- चंपई सोरेन हो सकते हैं BJP में शामिल, झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले टूटी सकती है JMM
CM हिमंत बिस्वा सरमा बोले- चंपई सोरेन के 6 महीने के कार्यकाल सबसे अच्छा काम हुआ
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भाजपा की ओर से झारखंड चुनाव में सह-प्रभारी बनाया गया है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने अटकलों पर कोई ठोस संकेत देने से इनकार कर दिया है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "अभी तक कोई भी हमसे संपर्क में नहीं है। मैं भी चैनलों से ऐसी खबरें सुन रहा हूं। चंपई सोरेन बहुत वरिष्ठ नेता हैं, मैं उनके बारे में कोई अनौपचारिक टिप्पणी नहीं करना चाहता।"
बाद में एक्स पर एक पोस्ट में असम के सीएम ने आगे कहा, "झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस के 5 साल में अगर कोई काम हुआ तो वह चंपई सोरेन के 6 महीने के कार्यकाल में ही हुआ। अब हर विज्ञापन से चंपई जी की फोटो गायब हो गई है।"
ये भी पढ़ें- Jharkhand: चुनाव को लेकर एक्टिव मोड में CM सोरेन, बीजेपी को बताया जमीनों का लुटेरा, बोले-मेरे पास सबके सबूत
कुछ महीनों के लिए CM बने थे चंपई सोरेन
चंपई सोरेन ने इस साल 2 फरवरी को राजभवन में झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 3 जुलाई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके एक दिन पहले 4 जुलाई को जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 2019 में जेएमएम ने कांग्रेस और लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ गठबंधन करके विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में 47 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था।












Click it and Unblock the Notifications