'आज मैं किस मुंह से इनकार करूं...', RLD-BJP गठबंधन पर जयंत चौधरी ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी
Jayant Chaudhary news: पिछले कई दिनों से सभी के मन में एक सवाल चल रहा था कि क्या आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी विपक्षी गठबंधन को छोड़कर 'एनडीए' का हिस्सा बनेंगे?
इस सवाल को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे चल रहे थे और कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे थे। लेकिन, अब खुद जयंत चौधरी ने इस सवाल का जवाब दे दिया है।

दरअसल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए ऐलान किया कि पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को 'भारत रत्न' से सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद पत्रकारों ने जयंत चौधरी से पूछा कि क्या अब माना जाए कि आप भाजपा के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार हो गए हैं? इसपर जयंत चौधरी ने कहा, 'कोई कसर रहती है क्या? आज मैं किस मुंह से इनकार करूं...।'
सुनिए जयंत का बयान:-
'मेरे लिए ये पल भावुक करने वाला'
वहीं, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर जयंत चौधरी ने कहा, 'आज बहुत बड़ा दिन है और मेरे लिए ये पल भावुक करने वाला है। मैं राष्ट्रपति, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए धन्यवाद देता हूं। भारत रत्न के लिए तीन नामों का ऐलान हुआ है और इस फैसले से लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।'
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में क्या लिखा था?
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए लिखा, 'हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।'












Click it and Unblock the Notifications