CAB पर प्रदर्शन के बीच जापान के पीएम का भारत दौरा टला, जल्द तय होगी शिखर बैठक की तारीख
Recommended Video
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ असम में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे का भारत दौरा टल गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। रवीश कुमार ने बताया कि दोनों देश के बीच होने वाली शिखर बैठक स्थगित कर दी गई है और बैठक की अगली तारीख दोनों देशों की सहमति के बाद जल्द ही घोषित की जाएगी।

इसके पहले, सुबह ही ऐसी खबरें आई थीं कि गुवाहाटी में जारी प्रदर्शन को देखते हुए जापान के पीएम भारत दौरा रद्द कर सकते हैं। जापान के पीएम के भारत का दौरा स्थगित होने से पहले बांग्लादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमीन और गृहमंत्री असदुज्जमान खान ने गुरुवार को अपना भारत दौरा रद्द कर दिया था। मोमीन ने कैब को लेकर बुधवार को बड़ा बयान दिया था और कहा था कि नागरिकता संशोधन बिल भारत की सेक्युलर छवि को कमजोर करेगा।
मोमीन ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ प्रताड़ना के आरोपों को खारिज किया था। जानकारी के अनुसार मोमीन 12-14 दिसंबर के बीच छठे इंडियन ओसियन डॉयलॉग में हिस्सा लेने के लिए आने वाले थे। नागरिकता संशोधन बिल का पूर्वोत्तर के राज्यों असम और त्रिपुरा में जबरदस्त विरोध हो रहा है। वहीं, असम और त्रिपुरा के बाद अब मेघालय में भी इंटरनेट और एसएमएस सर्विस पर रोक लगा दी गई है।
इस बिल के विरोध में सबसे अधिक उग्र प्रदर्शन असम में देखने को मिला है, जहां हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। इस प्रदर्शन को 30 छात्र संगठनों और वाम दलों का समर्थन मिल रहा है। गुरुवार को असम में हजारों प्रदर्शनकारियों ने रेलवे और सड़कों पर प्रदर्शन किए। इस कारण यहां रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications