जम्मू कश्मीर: बारामुला में आतंकियों ने एक नागरिक को गोली मारी, मौत
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के बारामुला में आतंकियों ने गोली मारकर एक आम शहरी की हत्या कर दी। शनिवार शाम आतंकियों ने बारामुला के मुख्य चौक पर नागरिक को गोली मारी, जिससे उसकी जान चली गई। शनिवार को घाटी में एक के बाद एक आतंकी घटनाएं हुई हैं। 24 घंटे में तीन बड़ी वारदात होने से राज्य में हाई अलर्ट लागू किया गया है।

शनिवार सुबह सीआरपीएफ काफिले के पास कार धमाका हुआ, जिसमें सीआरपीएफ की एक बस क्षतिग्रस्त हो गई। दोपहर में आतंकियों ने पुलवामा में सीआरपीएफ के बंपर पर ग्रेनेड से हमला कर दिया, जिसमें एक जवान घायल हो गया। शाम को आतंकियों ने बारामुला में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
शनिवार सुबह बनिहाल, रामबन में ब्लास्ट जवाहर टनल में उस समय हुआ जब सुरक्षाबल का काफिला पास से गुजर रहा था। यह धमाका एक एलपीजी सिलेंडर में हुए ब्लास्ट की वजह से हुआ है। सीआरपीएफ सूत्रों का कहना है कि पहली नजर में लगता है कि यह ब्लास्ट सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। ब्लास्ट के समय सीआरपीएफ का काफिला कुछ ही दूरी पर था। फिलहाल उसे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।कश्मीर की मीडिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ जवानों को लेकर एक बस बनिहाल के तेतहार से गुजर रही थी कि अचानक सुबह 10:40 मिनट पर एक जोरदार धमाका हुआ। कहा जा रहा है कि बस में एक सैंट्रो कार ने टक्कर मारी थी। कार का ड्राइवर फरार है और उसकी तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications