जम्मू कश्मीर: पुलवामा के बाद अब कुलगाम में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को ढेर किया
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुलगाम में लोवरमुंडा इलाके में इस समय सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। कुलगाम, नॉर्थ कश्मीर में आता है और फिलहाल यहां पर इलाके को घेर लिया गया है। कश्मीर जोन की पुलिस की तरफ से कहा गया है कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए है। सूत्रो की ओर से बताया गया था कि तीन आतंकियों को घेर लिया गया है। करीब 30 मिनट बाद सेना की तरफ से पुष्टि की गई कि एनकाउंटर में तीनों आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। लोवरमुंडा में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। एक आतंकी का शव बरामद कर लिया गया है।
Recommended Video

शनिवार को मारे गए थे तीन आतंकी
इससे पहले शनिवार को भी जम्मू कश्मीर में एनकाउंटर हुआ था और तीन आतंकी ढेर हो गए थे। यह एनकाउंटर साउथ कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतिपोरा में हुआ था। अवंतिपोरा एनकाउंटर में दो आतंकी और एक उनका साथी मारा गया था। यह एनकाउंटर तब हुआ है जब पिछले दिनों सुरक्षाबलों ने अंसार गजवात उल-हिंद के चार आतंकियों को ढेर किया था। शनिवार को पुलवामा के अवंतिपोरा में सुरक्षाबलों को आतंकियों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने यहां पर सर्च ऑपरेशन चलाया था और इसी दौरान आतंकियों की तरफ से फायरिंग हुई। यह एनकाउंटर अवंतिपोरा के गोरीपोरा में हुआ है। यह जगह शोपियां से सटी हुई है और बुधवार को शोपियां में चार आतंकी ढेर हुए थे। बताया जा रहा है कि ये आतंकी अंसार गजवात-एल-हिंद संगठन से जुड़े थे। शोपियां एनकाउंटर में संगठन का टॉप कमांडर भी ढेर हुआ था। जम्मू कश्मीर में भी कोरोना वायरस को देखते हुए लॉकडाउन जारी है और इसी दौरान यहां पर एक के बाद एक एनकाउंटर हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications