J&K पुलिस की चेतावनी, परिवार को बीच में ना लाएं आतंकी, पुलिस भी बनाएगी परिवार को निशाना
जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक पुलिस ऑफिसर के घर पर हमले के बाद दी आतंकवादियों को चेतावनी। कहा उनके भी हैं परिवार इसलिए आतंकी लड़ाई में परिवारों को बीच में न लाएं।
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए उन्हें हिदायत दी है कि परिवार को बीच में न लाएं। सोमवार को जम्मू कश्मीर पुलिस के एक ऑफिसर के घर पर हमला हुआ था और यह हमला त्राल एनकाउंटर के बाद हुआ था।

आपका भी परिवार है
जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी शेष पॉल वैद ने कहा, 'आतंकियों को इस बात का अहसास होना चाहिए कि उनके भी परिवार है। आतंकी इसे एक चेतावनी की तरह लें। यह लड़ाई आतंकियों और पुलिस के बीच है औरा बेहतर होगा कि इसमें परिवारों को शामिल न किया जाए। अगर पुलिस ने ऐसा करना शुरू कर दिया तो फिर उनके परिवारों का क्या होगा।' सोमवार रात को शोपियां में एक पुलिस ऑफिसर के घर पर हमला हुआ था। कम से एक दर्जन आतंकियों ने इस हमले को अंजाम दिया था। हमले के समय ऑफिसर अपने घर पर नहीं थे। आतंकियों ने उनके परिवार वालों को बंधक बना लिया और कहा जा रहा है कि आतंकियों ने घर में तोड़-फोड़ भी की थी। सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने परिवार के सदस्यों से कहा था कि पुलिस आतंकियों के परिवारों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है और जो भी उन्हें शरण देगा आतंकी उसका जवाब देंगे। हाल ही में सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने भी स्थानीय नागरिकों को चेतावनी दी है कि जो भी हथियार उठाएगा या फिर ऑपरेशन में बाधा डालेगा उसे राष्ट्रद्रोही माना जाएगा।
आतंकी के जनाजे में जुटा पूरा कश्मीर
सोमवार को ही त्राल एनकाउंटर में मारे गए आतंकी आकिब मौलवी का अंतिम संस्कार हुआ है। आकिब के जनाजे के समय नजारा बिल्कुल वैसा ही था जैसा पिछले वर्ष बुरहान वानी के मारे जाने के बाद था। मौलवी के जनाजे के लिए त्राल को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। कश्मीर की आजादी के नारे लग रहे थे और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर इकट्ठा थे। आकिब का साथ उस्मा भी इस एनकाउंटर में मारा गया है। आकिब की मौत के बाद उसके शव को त्राल के हाइना ले जाया गया था। जैसे ही आकिब का शव उसके घर पहुंचा लोग अपने घरों से बाहर आ गए। ये लोग भारत विरोधी और कश्मीर की आजादी के नारे लगा रहे थे। उसके अंतिम संस्कार को कई बार भीड़ की वजह से बीच में ही रोकना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications