जम्मू-कश्मीरः सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया, 1 जवान शहीद
इससे पहले 30 नवंबर को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम और सोपोर जिले में दो अलग- अलग एनकाउंटर में चार आतंकवादियों को मार गिराया था
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए और एक सैनिक शहीद हो गया है साथ ही एक अन्य जवान घायल भी हुआ है।कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने सोमवार को सेना के एक गश्ती दल पर हमला कर दिया था, जिसमें दो जवान घायल हो गए थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर काजीगंड इलाके में गश्त लगा रहे सेना के एक दल पर हमला कर दिया था। घटना के बाद हमलावर आतंकवादी कुलगाम जिले के बोनिगाम गांव में एक बिल्डिंग में घुस गए।

हमले के जवाब में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन और तलाशी अभियान के लिए पूरे इलाके को घेर लिया गया था। पुलिस ने कहा कि इमारत के अंदर दो से तीन आतंकवादी के घुसे होने की संभावना है।
इससे पहले 30 नवंबर को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम और सोपोर जिले में दो अलग- अलग एनकाउंटर में चार आतंकवादियों को मार गिराया था।घाटी में आतंकियों के सेना पर हमले की खबरें लगातार हो रही हैं। इंटेलिजेंस एजेंसियों की मानें तो पिछले दो माह में पाकिस्तान की सीमा से करीब 60 आतंकवादी कश्मीर घाटी में घुस गए हैं।
बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर आतंकी जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के है। कुल 12 बैच बनाकर कश्मीर में घुसे इन आतंकियों ने कश्मीर घाटी में छुपने के लिए महफूज जगहों की भी तलाश कर ली है। जम्मू कश्मीर बड़गाम जिले में पाखरपोरा इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है और सुरक्षा अधिकारियों की मानें तो यहां बड़ी संख्या में आतंकियों के छुपे होने की आशंका है।












Click it and Unblock the Notifications