Jammu and Kashmir: पुलवामा मुठभेड़ में 3 आतंकी ढेर, एक स्थानीय शख्स भी घायल
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के टिकन इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों ने 3 आतंकी ढेर कर दिए हैं और इस एनकाउंटर में एक स्थानीय शख्स भी घायल हुआ है, मुठभेड़ अभी भी जारी है। गौरतलब है कि जम्मू और कश्मीर में लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं। पिछले महीने ही आतंकवादियों ने पुलवामा में काकापोरा में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम पर ग्रेनेड फेंका था, हालांकि आतंकियों ने ये हमला सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम पर किया लेकिन उनका निशाना चूक गया और सड़क पर ही ग्रेनाइट फट गया था, जिसके कारण 12 आम नागरिक घायल हो गए थे।
Recommended Video

तो वहीं उससे पहले जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के समक्ष एक आतंकी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। ये आतंकी पुलवामा के गुलशानपुरा का रहने वाला है और इसी साल 25 सितंबर के बाद से लापता था। आतंकी ने एक दिन पहले यानी सोमवार को आत्मसमर्पण किया था। इसके पास से एक AK राइफल भी बरामद की गई थी।
आतंकवादियों के खात्मे के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया है
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खात्मे के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत अबतक 200 खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया गया है। मारे गए आतंकियों में अधिकतर आतंकी हिजबुल मुजाहिद्दीन संगठन के हैं। जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने साफ कर दिया है कि सर्दियों के मौसम में भी आतंकवादियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन ऑलआउट जारी रहेगा। जबतक घाटी से आतंकवाद पूरी तरह खत्म नहीं होता तबतक यह अभियान जारी रहेगा।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कश्मीर के पुलवामा और शोपियां में जारी वर्ष में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच अब तक कई मुठभेड़ हुई हैं। इसमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए जून महीने में सबसे अधिक 49 आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications