जहांगीरपुरी हिंसा: 3 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, दो रिश्ते में हैं भाई
नई दिल्ली, 28 अप्रैल: जहांगीरपुरी हिंसा मामले में लगातार दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी है। गुरुवार सुबह मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दोपहर में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पहले गिरफ्तार हुए दो आरोपियों की पहचान जफर और बाबुद्दीन के रूप में हुई है, जबकि तीसरे के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई। फिलहाल दिल्ली पुलिस की टीमें तीनों से पूछताछ कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के जहांगीरपुरी में जब हनुमान जयंती पर जुलूस निकला तो जफर और बाबुद्दीन ने उस पर कांच की बोतलों से हमला किया था। इसके अलावा दोनों ने भीड़ के सामने तलवार भी लहराई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोनों रिश्ते में भाई हैं और जहांगीरपुरी में हुई हिंसा में उनकी काफी अहम भूमिका थी। दोनों के मुख्य आरोपी मोहम्मद अंसार से भी संबंध होने की भी बात सामने आ रही है।
अब तक कितने लोग हुए गिरफ्तार?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक उनकी ओर से कई टीमों का गठन किया गया था, जो आरोपियों की तलाश कर रही हैं। अभी तक इस मामले में 29 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसमें 3 नाबालिग शामिल हैं। हिंसा का मुख्य आरोपी अंसार भी दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है, जिससे क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं।
पांच आरोपी 8 दिन की रिमांड पर
वहीं हिंसा के मामले में एनएसए के तहत गिरफ्तार पांच आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। रोहिणी कोर्ट ने अंसार, सलीम चिकना, इमाम शेख, दिलशाद और आहिर की आठ दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वो सभी आरोपियों के कॉल डिटेल और व्हाट्सएप मैसेज की जांच की जा रही है। उम्मीद है कि उससे हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान होगी।












Click it and Unblock the Notifications