13,860 करोड़ रुपए की आय घोषित करने के वाला फरार महेश शाह आयकर विभाग के हत्थे चढ़ा
गुजरात के कारोबारी महेश शाह ने इसी साल 30 सितंबर को IDS स्कीम के तहत 13,860 करोड़ रुपए की आय की घोषणा की थी।
नई दिल्ली। आयकर विभाग ने इनकम डिक्लेरेशन स्कीम (IDS)के तहत नाटकीय ढंग से इसी वर्ष 30 सितंबर को 13,860 करोड़ रुपए को बतौर अघोषित आय का खुलासा करने वाले गुजरात के कारोबारी महेश शाह को हिरासत में ले लिया है।
इससे पहले महेश शाह ने गुजरात के स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए कहा था कि जिस कालेधन की उसने घोषणा की थी वो धन उसका था ही नहीं।
महेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि यह वो आयकर विभाग को बताएगा कि यह रुपया उसके पास कैसे आया और यह रुपया किसका है।

मैं आयकर विभाग को सब कुछ बता दूंगा
महेश शाह ने बताया कि मुझे अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता है। मैं आयकर विभाग को सबकुछ बता दूंगा। उन्होंने बताया कि मैंने जिस पैसे की घोषणा की थी वो सच में है।
महेश शाह ने कहा था वो भागे नहीं बल्कि परिस्थितियों ने उन्हें छुपने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने कहा कि आईडीएस स्कीम के तहत घोषित किए गए कालेधन पर लगे टैक्स की पहली किश्त में जमा ही करने जा रहा था। पर परिस्थितियां ऐसे बदल गई कि मैं उसे जमा नहीं कर पाया।
उन्होंने कहा कि मैं सारी बातों का खुलासा जल्द ही कर दूंगा। उन्होंने कहा कि जिस धन की घोषणा की थी वो सारा धन राजनीतिज्ञों और कारोबारियों का है।
मैंने जो गलती की है...
महेश शाह ने कहा कि मैंने जो गलती की है, उसका मेरे परिवार से लेना देना कुछ नहीं हैं। मैं सब कुछ खोल कर रख दूंगा। सत्य जल्द ही सबके सामने आएगा।
गौरतलब है कगुजरात के 67 वर्षीय कारोबारी महेश शाह जिसने इनकम डिक्लेरेशन स्कीम (IDS)के तहत आखिरी दिन नाटकीय ढंग से इसी वर्ष 30 सितंबर को 13,860 करोड़ रुपए को बतौर अघोषित आय का खुलासा किया था वो फरार हो गया था।
उसके दफ्तर और घर पर शुक्रवार (2 दिसंबर) को आयकर विभाग ने छापा मारा था।
साथ ही उनकी ओर से घोषित की गई आय को 'कालाधन' घोषित कर दिया गया क्योंकि उसने 30 नवंबर तक घोषित की गई आय पर टैक्स की पहली किश्त 975 करोड़ रुपए जमा नहीं कराए थे।












Click it and Unblock the Notifications