मुजफ्फरनगर दंगा दंगा पीड़ित युवकों को बहका रही है आईएसआई: राहुल

मध्य प्रदेश के प्रवास पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इंदौर की जनसभा में बड़ा खुलासा किया है। उनका कहना है कि उन्हें एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के दंगा पीड़ित परिवारों के बच्चों पर पाकिस्तान की नजर है और वहां की इंटेलीजेंस के लोग उनसे बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने इंदौर के दशहरा मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली में साम्प्रदायिक दंगों के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को लड़ाते हैं। वे आग लगाते हैं और हमें बुझाना पड़ता है। उन्होंने कहा, "हम कहते हैं कि देश को आगे ले जाना है, सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना है, वहीं वे कहते हैं कि हिदुस्तान की जनता को एक दूसरे से लड़ाना है। मैं मुजफ्फरनगर गया था तो वहां के हिंदू-मुस्लिम वर्ग के लोगों से मिला, उन्होंने बताया कि उनमें आपस में कोई लड़ाई नहीं है, कुछ लोगों ने लड़ाई करवाई और आग लगाई।"
गांधी के अनुसार उन्हें एक इंटेलीजेंस के अधिकारी ने बताया कि मुजफ्फरनगर के 10-15 लड़के ऐसे हैं जिनके परिजन दंगों में मारे गए हैं, उनसे पाकिस्तान के इंटेलीजेंस के लोग बात कर रहे हैं। अधिकारी ने राहुल को बताया कि उसने उन युवाओं को समझाया है कि वे उनकी बातों में न आएं। भाजपा पर हमला करते हुए गांधी ने कहा कि उन्होंने आग लगा दी है, उन्हें नहीं पता कि इससे नुकसान तो देश का होता है। वे तो सिर्फ इन घटनाओं के जरिए चुनाव जीतना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications