भारत में अपने एजेंटों को पैसा भेजने के लिए आईएसआई ने तलाशा नया रास्ता
लखनऊ। यूपी में गिरफ्तार हुए आईएसआई एजेंट के भाई के खुलासे से पता चलता है पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई भारत में आतंक फैलाने के लिए नित नए तरीकों का इस्तेमाल कर रही है। लखनऊ से पकड़े गए एजेंट जमालुद्दीन के भाई खुर्शीद ने बताया है कि अब आईएसआई भारत में एजेंटों को पैसा भेजने के लिए खाड़ी देशों का इस्तेमाल नहीं करती। अब वह अफ्रीका के जरिए भारत में पैसा भेजती है।

जयपुर से गिरफ्तार हुए खुर्शीद ने किया खुलासा
यूपी एटीएस ने राजस्थान की सीआईडी की मदद से जयपुर में खुर्शीद को पकड़ा। पूछताछ के दौरान खुर्शीद ने खुलासा किया कि आईएसआई अफ्रीका के रास्ते से पैसा भेजती थी और उसका भाई उन पैसों को भारत में सक्रिय अन्य एजेंटों तक पहुंचाता था।
खुर्शीद का भाई जमालुद्दीन है आईएसआई एजेंट
आईएसआई एजेंट जमालुद्दीन तक यूपी एटीएस गोवर्धन के जरिए पहुंची। सेना से रिटायर गोवर्धन 2015 में पोखरण से गिरफ्तार हुआ था। आईएसआई से पैसा लेकर भारतीय सेना के ठिकानों का नक्शा देने की बात गोवर्धन ने स्वीकार की थी। गोवर्धन के खाते की जांच में पता चला कि उसमें हर महीने गाजीपुर, यूपी के जमालुद्दीन के खाते से पैसे ट्रांसफर किए जाते थे। उसके बाद से पुलिस जमालुद्दीन की तलाश में थी। 23 अगस्त को जमालुद्दीन को लखनऊ में एटीएस ने पकड़ लिया।

अफ्रीका में रहता था खुर्शीद
पुलिस को आगे जांच में पता चला कि जमालुद्दीन के खाते में पैसा अफ्रीका में रह रहे खुर्शीद के खाते से आता था। खुर्शीद की तलाश में लगी पुलिस को जब यह पता चला कि वह जयपुर में है तो उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया और आईएसआई की इस नई चाल का पर्दाफाश भी हो गया।
पाकिस्तानी देता था खुर्शीद को पैसा
खुर्शीद ने पूछताछ में बताया कि अफ्रीका में उसे पैसा पाकिस्तान के लोगों से मिलते थे जिसे वह अपने भाई के खाते में ट्रांसफर करता था। यह पहली बार है जब अफ्रीका के जरिए भारत में फैले आईएसआई एजेंटों के पास पैसा आने का पता चला है।












Click it and Unblock the Notifications