IPL 2021: सोशल मीडिया पर छाई SRH की 'मिस्ट्री गर्ल', लोगों ने पूछा-वो कौन थी?
चेन्नई (अप्रैल 12)। आईपीएल 2021 का रोमांच अपने पूरे शबाब पर है, रविवार को कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में केकेआर ने सनराइजर्स को 10 रनों से हराकर शानदार जीत के साथ आगाज किया है। भले ही टीम हार गई हो लेकिन ट्विटर पर सनराइजर्स हैदराबाद के क्रिकेटर राशिद खान ही छाए हुए हैं। जिसके पीछे कारण है 'मिस्ट्री गर्ल' काव्या मारन । दरअसल कल राशिद खान ने केकेआर को शुरूआत में काफी झटके दिए थे, जिस पर काव्या मारन ने ऐसी खुशी व्यक्त की, जिसकी वजह से वो और राशिद खान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए।

सोशल मीडिया पर छाई 'मिस्ट्री गर्ल'
मालूम हो कि काव्या मारन को लोग 'मिस्ट्री गर्ल' इसलिए कहते हैं क्योंकि वो आम तौर पर मीडिया से काफी दूर रहती हैं लेकिन आईपीएल मैचों में वो अक्सर सनराइजर्स को चीयर करते नजर आती हैं। दरअसल काव्या मारन सन ग्रुप के मालिक कलानिधि मारन की बेटी और एसआरएच की सीईओ हैं।

एसआरएच की सीईओ हैं काव्या मारन
वो पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन की भतीजी हैं और क्रिकेट खेल की बहुत बड़ी फैन हैं। काव्या की उम्र 28 साल है। साल 2018 में पहली बार लोगों के सामने आईपीएल मैच की दर्शक दीर्घा में दिखाई दी थी, उनके जोश और हंसी को देखकर हर किसी को उत्सुकता हो गई थी कि आखिर ये हसीन बाला है कौन, जब इनके बारे में जांच-पड़ताल की गई तो काव्या मारन का हाई-प्रोफाइल परिचय सामने आया।

राशिद को देखकर मस्ती में झूमी 'मिस्ट्री गर्ल'
रविवार को जैसे ही राशिद खान ने केकेआर के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया तो स्टैंड्स में मौजूद काव्या मारन खुशी से झूम उठीं। टीवी वालों का कैमरा तुरंत उन्हीं की ओर घूम गया, उसके बाद से लगातार वो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। लोग बार-बार सोशल मीडिया पर सवाल कर रहे हैं कि वो कौन थी?, आज सुबह से ही लोग उनके बारे में गूगल पर सर्च भी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर छाए राशिद खान और 'मिस्ट्री गर्ल'
मालूम हो कि डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर केकेआर को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया था, जिसके बाद केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए थे और एसआरएच को 188 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में हैदराबाद की टीम केवल 177 रनों पर ही सिमट गई थी। केकेआर के हीरो रहे नितीश राणा ने 80 गेंदों पर शानदार 56 रन बनाए और अपने शॉटस् से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फिलहाल भले ही मैच केकेआर के हिस्से गया हो लेकिन सोशल मीडिया पर तो राशिद खान और 'मिस्ट्री गर्ल' ही छाए हुए हैं।
यह पढ़ें: राशिद ने गिल को किया क्लीन बोल्ड तो मस्ती में झूमी 'मिस्ट्री गर्ल', VIDEO












Click it and Unblock the Notifications