Indian Railway: भारत की 4 ट्रेनें जिनसे आप जा सकते हैं विदेश, किराया भी कोई ज्यादा नहीं
आपने हवाई जहाज से विदेश की यात्रा के बारे में सुना होगा लेकिन क्या आपको पता है कि भारत में 4 ऐसी ट्रेनें हैं जो कि विदेश की यात्रा करवाती हैं। आप ट्रेन में बैठकर विदेश जाने का मजा ले सकते हैं। किराया भी कोई खास नहीं है, आप आराम से घूम सकते हैं। तो चलिए तो आपको बताते हैं भारत की वे 4 ट्रेनें जो विदेश जाती हैं।
बंधन एक्सप्रेस ट्रेन (Bandhan Express Train)
बंधन एक्सप्रेस की शुरुआत साल 2017 में हुई थी। यह भारत के कोलकाता से चलकर बांग्लादेश के खुलना तक जाती हैं। पीएम मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हरी झंडी दिखाकर इस रवाना किया था। यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित है। बता दें कि बंधन एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट खरीदने से पहले एक वैध वीजा और पासपोर्ट की आवश्यकता होती है। टिकट बांग्लादेश में खुलना रेलवे स्टेशन और कोलकाता के चितपुर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध हैं। बांग्लादेश के खुलना से कोलकाता रूट पर चलने पर यह ट्रेन संख्या 3130 है। एसी सिंगल ट्रेन का किराया 1455 रुपये है और 15 फीसदी VAT लगता है। वहीं एसी चेयर कार का किराया 950 रुपये और 15 फीसदी वैट लगता है।

मैत्री एक्सप्रेस (Maitri Express)
मैत्री एक्सप्रेस भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली ट्रेन है। यह 14 अप्रैल, 2008 से आरंभ हुई है। इसकी क्षमता 418 यात्रियों को ले जाने की है। इसमे छह डिब्बे हैं, जिसमें से एक एसी-फर्स्ट का, एक पैंट्री कार, एक एसी चेयर कार और दो गैर एसी चेयर कार है। यह कोलकाता से लेकर बांग्लादेश की राजधानी ढाका तक जाती है। मैत्री एक्सप्रेस, यह सप्ताह में 2 दिन चलती है। प्रथम श्रेणी के एसी टिकट की कीमत 1271 भारतीय रुपये है, एसी चेयर कार (शताब्दी एसी चेयर कार के समान) की कीमत लगभग 800 रुपये है।
भारत से नेपाल जाने के लिए ट्रेन
भारत से नेपाल जाने के लिए जयनगर स्टेशन से सुबह 8:15 और दोपहर 2:45 बजे ट्रेन खुलती है। एक दिन में डीएमयू दो फेरे लगाती है। जयनगर से जनकपुर जाने में एक घंटा 20 मिनट और जनकपुर से जयनगर आने में एक घंटा 40 मिनट समय लगता है। वहीं, जनकपुर से सुबह 11:05 और शाम 5:35 बजे जयनगर के लिए ट्रेन खुलती है। ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद भारत से नेपाल जाने के लिए सिर्फ 12.50 रुपये खर्च करने होंगे। जयनगर से इनर्वा का किराया 12.50 रुपये है। वहीं खजुरी जाने के लिए 15.60 रुपये, महिनाथपुर 21.87 रुपये, वैदेही 28.12 रुपये, परवाहा 34.00 रुपये, जनकपुर 43.75 रुपये व कुर्था जाने के लिए 56.25 रुपये लगेंगे।
मिताली एक्सप्रेस (Mitali Express)
वातानुकूलित मिताली एक्सप्रेस ट्रेन 9 घंटे 15 मिनट में ढ़ाका छावनी और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच लगभग 513 किलोमीटर की दूरी तय करती है। ट्रेन के हल्दीबाड़ी और चिलाहाटी में दो टेक्निकल स्टॉपेज हैं, क्योंकि इसे एक देश की सीमा के अंदर एक भारतीय ड्राइवर और दूसरे देश की सीमा के अंदर एक बांग्लादेशी ड्राइवर द्वारा चलाया जाता है। एसी केबिन बर्थ टिकट की कीमत 4,905 रुपये , एसी केबिन चेयर कार टिकट की कीमत 3,805 रुपये और एसी चेयर कार टिकट की कीमत 2,707 रुपये है।
नोट: पाकिस्तान के लिए पहले समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस ट्रेनें चलती थीं जो कि दोनों देशों के बीच रिश्ते बिगड़ने के बाद बंद हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications