IB अलर्ट: जहरीली गैस से एयरक्राफ्ट पर हो सकता है आतंकी हमला
नई दिल्ली। इंटेलिजेंस ब्यूरो ने एक अलर्ट जारी किया है जिससे यह साफ होता है कि एयरक्राफ्ट्स पर आतंकी हमला हो सकता है। इस अलर्ट में इंटेलिजेंस ब्यूरो ने आशंका जताई है कि आतंकी ग्रुप एयरक्राफ्ट में जहरीली गैस छोड़ सकते हैं। यह अलर्ट सिर्फ एयरक्राफ्ट तक सीमित नहीं है। इंटेलिजेंस ब्यूरो ने यह भी आशंका जताई है कि आतंकी इसके लिए बसों और ट्रेनों को चुन सकते हैं।

इस अलर्ट के बाद से गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वह एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दें। राज्यों के लिए जारी की गई एडवाइजरी में गृह मंत्रालय ने कहा है कि केन्द्रीय एजेंसियों ने यह सूचना दी है कि आतंकी कमर्शियल एविएशन को टारगेट कर रहे हैं और हो सकता है कि वह उस पर एक बड़ा हमला कर दें।
गृहमंत्रालय ने एडवाइजरी में यह भी कहा है कि आतंकवादी जहरीली गैस का भी इस्तेमाल कर के किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं। गृह मंत्रालय की इस चेतावनी के बाद सभी राज्यों में एयरपोर्ट, बस स्टॉप और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। साथ ही, आने जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का आसानी से पता लगाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications