दो चोटी बनाकर न आने पर छात्राओं को स्कूल में दी गई अमानवीय सजा
अहमदाबाद के ललिता ग्रीन लोन्स स्कूल का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें दो चोटी बनाकर न आने पर बच्चियों को शिक्षक अमानवीय सजा दे रहे हैं।
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के एक स्कूल में पांचवीं क्लास की बच्चियों को दो चोटी बनाकर न आने पर ऐसी सजा दी गई कि उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पांचवी क्लास की बच्चियों के साथ शर्मनाक सुलूक
अहमदाबाद के एक स्कूल का वीडियो वायरल हुआ जिसमें पांचवीं क्लास की बच्चियों को शिक्षक उठक-बैठक करने की सजा दे रहे हैं। ललीता ग्रीन लोन्स स्कूल का यह मामला है जहां छात्राओं के लिए दो चोटी बनाकर आने का नियम है। एक चोटी बनाकर आना यहां अनुशासनहीनता माना जाता है।
आधे घंटे तक करवाई उठक-बैठक
स्कूल में जो छात्राएं एक चोटी बनाकर आईं उन सबको स्कूल के शिक्षकों ने उठक-बैठक करने की अमानवीय सजा दी। स्कूल का नियम तोड़ने के दंड को तौर पर आधे घंटे तक उनको उठक-बैठक करनी पड़ी जिसके बाद छात्राओं की हालत खराब होने लगी।

अस्पताल में पहुंची छात्रा, चल रहा इलाज
एक छात्रा की तबियत इतनी खराब हुई कि उसको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस छात्रा ने बताया कि उसके सिर में चोट लगी थी जिस वजह से उसने एक ही चोटी बनाई थी। छात्रा ने कहा कि 200 बार उठक-बैठक कराई गई जिसके बाद वह चल नहीं पा रही थी। फिलहाल अस्पताल में छात्रा का इलाज चल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में पहुंचकर जांच की और इस मामले में कार्रवाई की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications