'अयोध्या के राम मंदिर पर किसी भी भारतीय को सवाल नहीं उठाना चाहिए...' अतहर हुसैन ने क्यों कहा ऐसा?
Athar Hussain: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाली श्री राम लला विराजमान की प्राण प्रतिष्ठा के आलोचकों को अब इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के प्रवक्ता अतहर हुसैन ने जवाब दिया है। अतहर हुसैन ने कहा है कि देश की एकता को दुनिया के सामने दिखाया जाएगा, जिसकी शुरुआत अयोध्या से होगी।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अतहर हुसैन ने अयोध्या में राम मंदिर पर कहा कि, 'एक लोकतांत्रिक देश में, किसी भी भारतीय को इस कार्यक्रम की सफलता पर सवाल नहीं उठाना चाहिए।'

लोकतांत्रिक ढांचे में संविधान के महत्व पर अतहर हुसैन ने कहा, ''सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर हमें विश्वास करना चाहिए। हम मानते हैं कि हमारा संविधान देश के लोकतंत्र में एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले भी हम सभी ने कहा था कि जो भी फैसला आएगा, वह स्वीकार किया जाएगा। इसलिए राम मंदिर के कार्यक्रम पर किसी भी भारतीय को इसकी सफलता पर कोई सवाल नहीं उठाना चाहिए।"
अतहर हुसैन ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला था जिसमें उन्होंने फैसला सुनाया था कि अयोध्या में मस्जिद के लिए 5 एकड़ जमीन आवंटित की जाएगी। यह अवध क्षेत्र है जहां से हम हैं और भगवान श्री राम हैं, जहां हिंदू मुस्लिम और सभी लोग रहते हैं। साझी विरासत के साथ और राम भी इसी साझी विरासत का हिस्सा हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''अयोध्या से लेकर लखनऊ तक हिंदू मुस्लिम कैसे अंग्रेजों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़े, यह हमारी कहानी है। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भारत बेहतर होगा और हम अपनी एकता को पूरी दुनिया के सामने साझा करेंगे। इसकी शुरुआत अयोध्या से होगी।"












Click it and Unblock the Notifications