IndiGo Crisis LIVE: इंडिगो की 650 उड़ानें रद्द, 10 दिसंबर तक हालात होंगे सामान्य, कितने बजे तक मिलेगा रिफंड?
IndiGo Crisis LIVE: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उड़ानें लगातार छठे दिन भी प्रभावित रही। रविवार को इंडिगो एयरलाइंस ने कुल 650 उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसकी उड़ान सेवाएं 10 दिसंबर तक सामान्य होने की उम्मीद है। इस अचानक हुए व्यवधान की वजह से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत देश के कई बड़े एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों ने एयरलाइन पर आखिरी समय में जानकारी देने, खराब कम्युनिकेशन और लंबी कतारों में खड़े रहने की शिकायत की। वहीं DGCA ने एयरलाइन के CEO पीटर एल्बर्स को नोटिस जारी किया है और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने स्थिति की गंभीर समीक्षा की। हैदराबाद, स्रीनगर और त्रिची समेत कई एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। एयरलाइन ने कहा है कि वह जल्द ऑपरेशन को सामान्य करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे और फ्लाइट कैंसिलेशन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इंडिगो ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि धीरे-धीरे ऑपरेशन को स्थिर किया जा रहा है।
हैदराबाद में 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को 54 आगमन और 61 प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। एयरपोर्ट प्रशासन लगातार यात्रियों को अपडेट देता रहा, लेकिन बड़ी संख्या में लोग समय पर यात्रा नहीं कर पाए।
श्रीनगर-अमृतसर और मुंबई की कई उड़ानें भी रद्द
इंडिगो ने रविवार को श्रीनगर से अमृतसर जाने वाली दो उड़ानें-6E 6165 और 6E 478-रद्द कर दीं। मुंबई से नागपुर, भोपाल और कोलकाता जाने वाली तीन उड़ानें भी कैंसिल रहीं।
दक्षिण भारत में भी असर, त्रिची में कई उड़ानें रद्द
त्रिची एयरपोर्ट पर इंडिगो की कई घरेलू उड़ानें प्रभावित हुईं। रविवार को 5 घरेलू आगमन और 6 घरेलू प्रस्थान उड़ानें रद्द की गईं। एयरलाइन ने कहा है कि वह रविवार को 1500 से ज्यादा उड़ानों का संचालन करने की कोशिश करेगी, लेकिन रद्दीकरण जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-मुंबई में सबसे ज्यादा असर
देश के दो सबसे बड़े एयरपोर्ट-दिल्ली और मुंबई-IndiGo की रद्द उड़ानों का मुख्य केंद्र बने रहे। PTI के अनुसार:
- मुंबई में 112 उड़ानें रद्द
- दिल्ली में 109 उड़ानें रद्द
इससे इन दोनों शहरों में भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरी एयरलाइन या ट्रेन का सहारा लेने को मजबूर हुए।
लगातार छह दिन से अव्यवस्था, देशभर में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
बीते एक हफ्ते से IndiGo की उड़ानें लगातार बाधित हैं। शुक्रवार को हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई थीं, जबकि शनिवार को यह संख्या घटकर 850 से कम बताई गई। इसके बावजूद हजारों लोग दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, गुवाहाटी और अन्य बड़े एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी देर से मिली और एयरलाइन की तरफ से मदद भी सीमित रही। कई लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़े रहना पड़ा।
DGCA ने CEO पीटर एल्बर्स को भेजा नोटिस
फ्लाइट ऑपरेशन में लगातार हो रही गड़बड़ियों को देखते हुए DGCA ने IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। नोटिस में एयरलाइन पर "प्लानिंग, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर कमी" का आरोप लगाया गया है।
उधर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एल्बर्स की बैठक की। इसमें पूरे हालात की समीक्षा की गई और अव्यवस्था को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए।
हालात कब सुधरेंगे?
एयरलाइन ने कहा है कि वह स्थिति को सामान्य करने में जुटी है। हालांकि पिछले छह दिनों में जिस तरह बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उससे यात्रियों की चिंता कम नहीं हुई है। DGCA की सख्ती के बाद उम्मीद है कि ऑपरेशन जल्द स्थिर होंगे, लेकिन फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पहले हर अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: IndiGo की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद भी नहीं आया रिफंड, तुरंत करें ये 2 काम, आज ही वापस मिलेगा पैसा












Click it and Unblock the Notifications