यात्रीगण कृपया ध्यान दें! रेलवे ने AC चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 25% तक घटाया
भारतीय रेल बोर्ड में रेल में सफर करने वाले यात्रियों को भारी राहत दी है। रेलवे ने वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार, एक्जीक्यूटिव क्लास के किराए में 25 प्रतिशत तक कमी करने का ऐलान किया है।
रेलवे ने कहा कि यह निर्णय उन ट्रेनों में डिस्काउंट फेयर स्कीम का हिस्सा है। जिनमें पिछले 30 दिनों के दौरान ऑक्यूपेंसी 50% से कम रही हो।

ट्रेनों में सीटों के अधिकतम उपयोग के उद्देश्य से लिए गए इस निर्यण को लेकर रेल मंत्रालय ने कहा कि उसने एसी सिटिंग वाली ट्रेनों में डिस्काउंट फेयर स्कीम शुरू करने का आधिकार जोनल रेलवे को सौंपने का निर्णय लिया है।
रेलवे बोर्ड के आदेश में कहा गया है, यह योजना अनुभूति और विस्टाडोम कोच सहित एसी सीटिंग सुविधा वाली सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास में लागू होगी।
रेलवे ने बताया कि, इस योजना के तहत मूल किराये पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट सरचार्ज, जीएसटी जैसे अन्य शुल्क अलग से लिए जा सकते हैं। यात्रियों की संख्या के आधार पर किसी भी श्रेणी या सभी श्रेणियों में रियायत दी जा सकती है।'
रेलवे की ओऱ से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि, इस योजना के तहत पिछले 30 दिनों के दौरान 50 प्रतिशत से कम ऑक्यूपेंसी वाली ट्रेनों को शामिल किया जाएगा। रेलवे इसे छूट तत्काल प्रभाव से लागू कर रहा है।
आदेश के मुताबिक, जिन ट्रेन में किसी खास श्रेणी में किराए में वृद्धि-कमी की व्यवस्था लागू होती है और यात्रियों की संख्या कम रहती है, वहां यात्रियों की संख्या बढ़ाने की कवायद के रूप में इस योजना को शुरुआती दौर में वापस लिया जा सकता है।
रियायती किराया मांग पैटर्न के आधार पर पूरी अवधि या आंशिक अवधि या माहवार या मौसमी या सप्ताह के दिनों/सप्ताहांत के लिए दिया जा सकता है। इसके अलावा पहले से सीट बुक करा चुके यात्रियों को किराया नहीं लौटाया जाएगा।
उन ट्रेनों के मामले में जहां किसी विशेष श्रेणी में फ्लेक्सी किराया योजना लागू है और ऑक्यूपेंसी कम है। तो ऑक्यूपेंसी बढ़ाने के उपाय के रूप में शुरू में फ्लेक्सी किराया योजना को वापस लिया जा सकता है। यह योजना अवकाश/त्यौहार विशेष आदि के रूप में शुरू की गई विशेष ट्रेनों पर लागू नहीं होगी।
आदेश के मुताबिक, ऐसी ट्रेनों में तय अवधि के लिए तत्काल कोटा निर्धारित नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, यदि ट्रेन की आंशिक यात्रा के लिए छूट प्रदान की जाती है, तो यात्रा के उस हिस्से के लिए तत्काल कोटा प्रदान नहीं किया जा सकता है जहां छूट दी गई है।
बता दें कि, रेलवे कुछ कम दूरी की वंदे भारत ट्रेनों का किराया घटाने की समीक्षा कर रहा है। कुछ कम व्यस्तता वाली ट्रेनों को छोड़कर, इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन की अधिकांश सेवाएं पूरी व्यस्तता के साथ चल रही हैं। इंदौर-भोपाल, भोपाल-जबलपुर और नागपुर-बिलासपुर एक्सप्रेस जैसी वंदे भारत ट्रेनों के साथ-साथ कुछ अन्य ट्रेनों का किराया कम हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications