मुंबई में हाई टाइड का अलर्ट, दोपहर में 4.52 मीटर तक उठ सकती हैं समंदर की लहरें
मुंबई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि गुरुवार को मुंबई में हाई टाइड आने की आशंका है। मुंबई में आज 1 बजकर 43 मिनट में 4.52 मीटर का हाई टाइड आ सकता है। जिसे लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान समंदर की लहरें 4.52 मीटर तक उठ सकती हैं। इस खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को समंदर के तट से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही तटीय इलाकों के पास रहने वालों लोगों को भी घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है।

आपदा प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बता दें मुंबई के कई इलाकों में बारिश हो रही है। आज दिनभर बारिश रहने की आशंका है। कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण जलभराव भी हो गया है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने किसी भी प्रकार के नुकसान से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा है और कुछ जरूरी उपाय किए हैं। हालांकि अगले कुछ घंटों में मुंबई में भारी बारिश की आशंका नहीं है। लेकिन स्थानीय मौसम विभाग का कहना है कि यहां मध्यम बारिश हो सकती है। शहर में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और जलभराव के कारण लोग काफी परेशान हैं।
बीते 24 घंटों के भीतर सांताक्रूज में 49 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं बांद्रा में 24 मिमी, राम मंदिर में 33 मिमी और महालक्ष्मी में 14 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा ठाणे और नवी मुंबई में भी भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 घंटों में दक्षिणी महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना और उत्तरी आंध्र प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश के साथ-साथ तूफान और बिजली कड़कने की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications