यमन में भारत ने दिखायी अपनी ताकत, दुनिया मांग रही भारत से मदद
यमन। मिडल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच फंसे हजारों भारतीयों को बचाने के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भारत ने अपने सभी नागरिक जोकि यमन में फंसे हुए हैं उन्हें सकुशल वापस स्वदेश लाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान जारी कर रखा है।

23 देशों ने अपने नागरिकों को बचाने के लिए भारत से लगायी गुहार
भारत ने अभी तक 2300 भारतीयों को सकुशल वापस लाने में सफलता हासिल की है। भारत के इस अभियान का पूरी दुनिया ने लोहा माना है और कई देश अपने नागरियों को वहां से निकालने के लिए भारत की मदद की गुहार लगा रहे हैं।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने खुद इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट के जरिए बताया कि 23 देशों ने अपने नागरिकों को बचाने के लिए भारत की मदद मांगी है। दुनिया के कई ताकतवर देश इस सूचि में शामिल है।
पढ़िये- यमन में भारत की जबरदस्त सफलता के पीछे की कहानी
सभी भारतीय नागरियों को आज सुरक्षित वापस लाया जाएगा
वहीं रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि रविवार को 806 भारतीयों को सकुशल भारत वापस पहुंचाया जा चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज शाम तक सभी भारतीयों को स्वदेश वापसी सुनिश्चित कर ली जाएगी।
अमेरिका ने भी मांगी भारत से मदद
सीएनएन की खबर अनुसार अमेरिका ने यमन से अपने नागरिकों को वापस सुरक्षित लाने के लिए भारत की मदद मांगी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इन सभी देशों की सूची ट्वीट करके बतायी है।

मानवीय आधार पर सभी देशों के नागरिकों को बचा रहा भारत
आपको बता दें कि भारत ने तीन पाकिस्तानी नागरिकों को भी अल हुदैदा से आईएनएन सुमित्रा से वापस सुरक्षित पाकिस्तान पहुंचाया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भी 11 भारतीय नागरिकों को अपने विमान से सुरक्षित वापस भारत पहुंचाया था।
पीएम मोदी ने जमकर की विदेश मंत्रालय की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यमन अभियान को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय की जमकर तारीफ करते हुए ट्वीट करके उन सभी लोगों को बधाई दी जिन्होंने इस अभियान में अपने सभी प्रयास किये।
सुषमा स्वराज ने कहा हमारी जिम्मेदारी भारतीयों की सुरक्षा
वहीं इस अभियान में भारत की ओर से हर उस व्यक्ति को जवाब देने की कोशिश की जा रही है जो यमन में फंसा है। एक महिला जिसका 8 महीने का बच्चा है उसने खुद ट्वीट करके सुषमा स्वराज को धन्यवाद दिया जिसपर सुषमा स्वराज ने जवाब देते हुए कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है, आपका भारत में स्वागत है।
वहीं सूत्रों की मानें तो यमन में कुल 500 भारतीय हैं जिनमें 100 भारतीय महिलायें हैं जिन्होंने यमन के पुरुषों से विवाह कर लिया है। वहीं साना में भारतीयों की संख्या 300 के करीब है।
नागरिकों को घर तक सुरक्षित पहुंचाने के भी हो रहे प्रयास
आपको बता दें कि केरल की सरकार हर उस यात्री को 2000 हजार रुपए दे रही है जो कोच्चि पहुंच रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार हर यात्री को 3000 रुपए दे रही हैजो मुंबई एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं।
रेल विभाग दे रहा मुफ्त कंफर्म टिकट और सारी सुविधायें
वहीं सुषमा स्वराज ने बताया कि भारतीय रेल इन यात्रियों को हर सुविधा मुहैया करा रही है जिससे कि इन लोगों को घर पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हो। इन यात्रियों को मुफ्त में कंफर्म टिकट भी दिया जा रहा है, साथ ही ट्रेन में यात्रा के दौरान हर तरह की सुविधा मुहैया करायी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications