कम हुई कोरोना की रफ्तार: 24 घंटों में मिले 2.81 लाख नए केस, 3.78 लाख मरीज ठीक
देश में कोहराम मचा रही कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब कुछ कम होती हुई नजर आ रही है।
नई दिल्ली, 17 मई: देश में कोहराम मचा रही कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब कुछ कम होती हुई नजर आ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से कम केस मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि बीते एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,81,386 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 3,78,741 मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या कम नहीं हुई है। बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस की वजह से 4106 लोगों की जान गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संक्रमण के नए मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से कोरोना वायरस के एक्टिव केस घटकर 35,16,997 हो गए हैं। वहीं, कोरोना वायरस के कारण अभी तक कुल 2,74,390 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा देश में चल रहे कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक वैक्सीन की कुल 18,29,26,460 डोज दी जा चुकी हैं।
दिल्ली, महाराष्ट्र और यूपी के एक्टिव मामलों में गिरावट
आपको बता दें कि पिछले एक हफ्ते के दौरान दिल्ली, महाराष्ट्र और यूपी में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में गिरावट आई है। रविवार को यूपी में कोरोना वायरस के नए मामलों के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा मरीज ठीक हुए और 10682 नए केस मिले। वहीं, इस दौरान 24837 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे। देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट आई है। रविवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 6456 नए केस मिले और 9706 मरीज ठीक हुए। वहीं, महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 34,389 नए मामले सामने आए और 59,318 मरीज ठीक हुए।












Click it and Unblock the Notifications