बढ़ा मौतों का आंकड़ा! कोरोना से 24 घंटों में 1733 लोगों की मौत, 1.61 लाख नए केस
कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा और ज्यादा डरावना होता जा रहा है।
नई दिल्ली, 2 फरवरी: कोरोना वायरस के दैनिक मामले लगातार दूसरे दिन 2 लाख से नीचे दर्ज किए गए हैं, लेकिन मौतों की संख्या डराने वाली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 1,61,386 नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 1733 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की एक बड़ी बात यह है कि बीते एक दिन में कोरोना वायरस के 2,81,109 मरीज ठीक हुए हैं और एक्टिव केस घटकर 16,21,603 हो गए हैं। वहीं, कोरोना के दैनिक पॉजिटिविटी रेट में भी गिरावट आई है और फिलहाल यह आंकड़ा 9.26 फीसदी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़कर अब 4,97,975 हो गया है। वहीं, कुल संक्रमित मरीजों में अभी तक 3,95,11,307 मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना वायरस के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक वैक्सीन की कुल 167.29 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 17,42,793 टेस्ट किए गए हैं और टेस्टिंग का कुल आंकड़ा बढ़कर 73,24,39,986 हो गया है।
दिल्ली में घटे कोरोना केस, पॉजिटिविटी रेट 5.09 फीसदी
आपको बता दें कि देश के कई राज्यों में तेजी से बढ़े कोरोना वायरस के मामले अब घटने लगे हैं। राजधानी दिल्ली में भी मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में कमी दिखी और 24 घंटों के भीतर 2683 नए मामले रिकॉर्ड किए गए। इसके अलावा दिल्ली में कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 5.09 फीसदी पर आ गया है। कोरोना के मामलों में कमी को देखकर पिछले हफ्ते ही दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रतिबंधों में ढील देते हुए वीकेंड कर्फ्यू और दुकानों को ऑड ईवन सिस्टम से खोलने का नियम हटा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications