Video: लद्दाख में चीन की सीमा पर इंडियन आर्मी की एक्सरसाइज का वायरल वीडियो
नई दिल्ली। चीन और भारत के बीच लद्दाख में तनाव जारी है। दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं और इसी टकराव के बीच चीन ने एक वीडियो जारी कर भारत पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश की है। चीन की मीडिया की तरफ से आए इस वीडियो के बाद इंडियन आर्मी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो नॉर्दन आर्मी कमांड की तरफ से ट्वीट किया गया था और लद्दाख पर आधारित है।

हर साल गर्मी में होती है एक्सरसाइज
नॉर्दन आर्मी कमांड के इस वीडियो को गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी की तरफ से ट्वीट किया गया है। उन्होंने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा, 'इंडियन आर्मी का यह प्रेरणाददायक और सांस रोक देने वाला वीडियो जरूर देखना चाहिए जो लद्दाख के उत्तरी हिस्से में हमारी सीमाओं को सुरक्षित करने में लगी है।' वीडियो कब का है इसका कोई अंदाजा नहीं है लेकिन इसमें नॉर्दन आर्मी कमांड के रिटायर्ड कमांडर के तौर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) रणबीर सिंह नजर आ रहे हैं और लेफ्टिनेंट जनरल वाइके जोशी 14 कोर फायर एंड फ्यूरी कमांडर के तौर पर हैं।
पुराना है वीडियो
माना जा रहा है कि वीडियो पिछले साल का है जब आर्मी लद्दाख में हर साल गर्मियों में होने वाली समर एक्सरसाइज को पूरा करती है। ले. जनरल रणबीर सिंह अब रिटायर हो चुके हैं और ले. जनरल वाईके जोशी नॉर्दन आर्मी कमांडर का जिम्मा संभाल रहे हैं। नॉर्दन आर्मी कमांडर बनने से पहले ले. जनरल जोशी फायर एंड फ्यूरी कोर के कमांडर थे। इस बार भी लद्दाख में इस समर एक्सरसाइज को होना था मगर कोरोना वायरस की वजह से एक्सरसाइज को कैंसिल कर दिया गया था। वीडियो ऐसे समय में वायरल हो रहा है जब चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने रविवार को चीन की सेना का एक प्रपोगेंडा वीडियो ट्वीट किया है ।

चीनी एयरफोर्स के पैराट्रूपर्स LAC पर
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की तरफ से रविवार को यह वीडियो जारी किया गया है। वीडियो चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी एयरफोर्स का है। वीडियो के मुताबिक एयरफोर्स की एयरबॉर्न बिग्रेड ने सेंट्रल चीन के हुबेई प्रांत के उत्तर-पश्चिमी प्रांत में कुछ ही घंटों पहले मौजूदगी दर्ज कराई। हुबेई प्रांत का यह हिस्सा काफी ऊंचाई पर है और भारत-चीन के तनाव के बीच ही वीडियो का सामने आना चीनी मीडिया के प्रपोगेंडा का हिस्सा करार दिया जा रहा है। वीडियो में भारी तादाद में सैनिक और उपकरण नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो किसी एक्सरसाइज का है।

लद्दाख में बढ़ाई गई जवानों की संख्या
पिछले दिनों नॉर्दन आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी ने लद्दाख का दौरा किया है। दो जून को लद्दाख पहुंचे ले. जनरल जोशी गुरुवार तक यहां रुके थे। उनकी विजिट शनिवार को टकराव टालने के लिए हुई कमांडर्स की मीटिंग से पहले काफी अहम मानी गई थी। नॉर्दन आर्मी कमांड की तरफ से लद्दाख में जवानों की तैनाती में इजाफा किया गया है। सूत्रों के मुताबिक जवानों को इसलिए भेजा जा रहा है ताकि चीन पर कुछ दबाव बढ़ाया जा सके। दारबुक गांव के लोग जो दोनों देशों की सीमाओं के एकदम करीब हैं, उनका दावा है कि रोजाना रात को 80 से 90 ट्रक उनके इलाके से गुजरते हैं।

आर्मी की 14 कोर पर LAC का जिम्मा
भारत ने चीन को स्पष्ट कर दिया है कि जब तक एलएसी पर यथास्थिति बहाल नहीं होती है, तब तक सेना पीछे नहीं हटेगी। कुछ लोगों की मानें तो भारत ने साल 1999 में हुई कारगिल की जंग के बाद सीमा पर इस स्तर का तनाव देखा है। सेना की 14 कोर पर पर लद्दाख की सुरक्षा की जिम्मेदार है और इस फायर एंड फ्यूरी कोर के तौर पर भी जाना जाता है। ले. जनरल जोशी साल 2018 में इस कोर के कमांडर रह चुके हैं। कारगिल की जंग के बाद ही इस कोर को तैयार किया गया है। ले. जनरल जोशी के पास चीन से जुड़े मसलों से निबटने का अच्छा-खासा अनुभव है।












Click it and Unblock the Notifications