'पाकिस्तान स्पॉन्सर्ड आतंकवाद की पोल खोलेंगे', भारत का दो डेलीगेशन दिल्ली से रवाना, जानें क्या बोले सांसद
India all-party delegations: भारत की आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक मुहिम के तहत भारतीय सांसदों के दो प्रतिनिधिमंडल आज 24 मई को दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हो चुके हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर की अगुवाई में एक डेलिगेशन गुयाना के लिए रवाना हो गया, जो अमेरिका, पनामा, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा करेगा। वहीं भाजपा सांसद बैजयंत पांडा का प्रतिनिधिमंडल पश्चिम एशिया के चार देशों सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा पर के लिए निकले हैं।
बैजयंत पांडा ने इस मिशन को भारत की एकजुटता का प्रतीक बताया और कहा कि भारत जंग के मैदान में जीत के बाद अब वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ फोकस बनाए रखने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत जिस "राज्य प्रायोजित आतंकवाद" का शिकार है, उसे दुनिया के सामने उजागर किया जाएगा। वहीं शशि थरूर ने कहा है कि वो पाकिस्तान स्पॉन्सर्ड आतंकवाद की पोल खोलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों को ये समझाने के लिए जा रहे हैं कि आखिर हमारा अनुभव क्या था।

बैजयंत पांडा की टीम में AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह, सांसद निशिकांत दुबे हैं। वहीं शशि थरूर की टीम में शशांक मणि त्रिपाठी, भुवनेश्वर कलिता, तेजस्वी सूर्या, मिलिंद देवड़ा, डॉ सरफराज अहमद, शांभवी, जीएम हरीश बालयोगी शामिल हैं।
जानिए किस सांसद ने क्या कहा?
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "मैं ग्रुप 1 का हिस्सा हूं जिसका नेतृत्व भाजपा सांसद बैजयंत पांडा कर रहे हैं...सबसे पहले हम बहरीन जाएंगे। फिर हम कुवैत जाएंगे, फिर सऊदी अरब और अंत में अल्जीरिया जाएंगे...पहलगाम की दर्दनाक घटना, हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान आतंकवादी शिविर चला रहा है और उनका समर्थन कर रहा है। ये आतंकवादी भारत में आते हैं और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। हम इन चारों देशों से इन चीजों के बारे में बात करेंगे।"
राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे आतंकवाद के खिलाफ ठोस सबूत पेश करेगा और वहां के नागरिकों पर हो रहे हमलों की जानकारी साझा करेगा। उन्होंने कहा, ''हम पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब देंगे और भारत द्वारा की गई ठोस कार्रवाई को सामने रखेंगे।''
निशिकांत दुबे बोले- आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है
बैजयंत पांडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने कहा, "जिस तरह से हम आतंकवाद से जूझ रहे हैं और जहां हम जा रहे हैं...तो उनको आतंकवाद की परिभाषा पता है क्योंकि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है। पहलगाम की घटना एक अलग घटना है जहां धर्म के आधार पर पहली बार मारा गया...हम इन बातों को रखेंगे..और जब हम लौट के आएंगे तो मुझे लगता है कि माहौल पूरे दुनिया में पाकिस्तान के खिलाफ होगा।"
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी बोले- पिछले 45 सालों से पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, "पिछले 45 सालों से पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। हम सभी अलग-अलग देशों में जाकर पाकिस्तान द्वारा आतंकवादियों को प्रशिक्षित करने, उन्हें हथियार देने और उन्हें सीमा पार करके भारत भेजकर यहां आतंकवाद फैलाने की साजिश को उजागर कर रहे हैं। आज मैं कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र जा रहा हूं ताकि दुनिया के सामने पाकिस्तान के इस आतंकवाद की सच्चाई को उजागर करने का अपना कर्तव्य निभा सकूं।"
सांसद डॉ. अमर सिंह बोले- पहलगाम की घटना कोई पहली घटना नहीं हुई है
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा, "मुख्य रूप से हमें जो बात करनी है कि पहलगाम की घटना कोई पहली घटना नहीं हुई है... (पाकिस्तान द्वारा) कई अन्य हमले भी हुए हैं... उनके देश के अंदर आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर हैं। भारत ने केवल आतंकवादी स्थलों को निशाना बनाया। हम ये सारी बात समझाएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications