Red Fort: 'राजनीति नहीं राष्ट्रनीति का मंच', साल 2014 से 2022 तक कब-कब कितनी देर तक बोले PM मोदी
PM Modi Speech Time On Red Fort in Hindi: पूरा भारत आजादी के पर्व की तैयारी कर रहा है, आम से लेकर खास तक में स्वतंत्रता दिवस को लेकर जबरदस्त उत्साह है। लालकिले की प्राचीर से मंगलवार को दसवीं बार पीएम मोदी तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे।

साल 2014 में पहली बार पीएम बने नरेंद्र दामोदरदास मोदी अपने दूसरे कार्यकाल में अंतिम बार मंगलवार को 'ध्वजारोहण' करेंगे इसलिए उनके भाषण पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। हालिया हुए मानसून सत्र में पीएम मोदी ने ऐलान किया है कि 'साल 2024 में भी जनता का साथ और विश्वास उनकी और उनकी पार्टी के ही साथ होगा और इसलिए 77वें स्वतंत्रता दिवस पर वो 'रेडफोर्ट' से क्या संदेश देंगे, इस पर केवल जनता की ही नहीं बल्कि विपक्ष की भी निगाहें लगी हुई हैं।'
'लालकिला राजनीति का नहीं बल्कि राष्ट्रनीति का मंच है'
आपको बता दें कि साल 2014 में उन्होंने पहली बार लालकिले से देश को संबोधित करते हुए खुद को 'प्रधानसेवक' कहा था और बोला था कि 'लालकिला राजनीति का नहीं बल्कि राष्ट्रनीति का मंच है' और इसके बाद उन्होंने जनता से वादा किया था कि वो विकास पथ पर देश को आगे ले जाने के लिए पुरजोर प्रयास करते रहेंगे और ये देश अखंड और सशक्त भारत के रूप में विश्वपटल में एक अनुपम स्थान रखेगा। उनकी बातों का असर कितना हुआ ये साल 2019 के आम चुनावों के परिणामों ने सिद्ध कर दिया था।
'हम ना तो टालते हैं और ना समस्याओं को पालते हैं'
इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले 15 अगस्त 2019 को लाल किले के प्राचीर से कहा था कि 'जो काम देश में पिछले 70 साल में नहीं हुआ था, वो हमने मात्र 70 दिनों में कर दिखाया क्योंकि हम ना तो टालते हैं और ना समस्याओं को पालते हैं।'
5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य
370 से लेकर 'तीन तलाक' तक का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि 'हमने देश को 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य रखा है और अब जब देश में अगले साल लोकसभा चुनाव होने को हैं तो पीएम मोदी ने संसद में अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की गारंटी दे दी है।
9 साल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रख सकते हैं पीएम मोदी
खैर अपने भाषणों से हमेशा लोगों को चौकाने वाले पीएम मोदी क्या बोलेंगे, ये तो 'ध्वजारोहण' के बाद ही पता चलेगा लेकिन कयास यही लगाए जा रहे हैं कि राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी मंगलवार को 9 साल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रख सकते हैं। पीएम मोदी एक अच्छे वक्ता के रूप में विख्यात हैं और उनका भाषण हमेशा सुर्खियों में रहता है। साल 2015 के स्वतंत्रता दिवस में उन्होंने लालकिले से 94 मिनट का भाषण दिया था, जो कि उनका अब तक का सबसे लंबा संबोधन रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर कब-कब कितनी देर तक पीएम मोदी ने दिया भाषण
- साल 2014 का स्वतंत्रता दिवस: 56 मिनट की स्पीच
- साल 2015 का स्वतंत्रता दिवस: 94 मिनट की स्पीच (सबसे लंबा भाषण)
- साल 2016 का स्वतंत्रता दिवस: 88 मिनट की स्पीच
- साल 2017 का स्वतंत्रता दिवस: 65 मिनट की स्पीच
- साल 2018 का स्वतंत्रता दिवस: 86 मिनट की स्पीच
- साल 2019 का स्वतंत्रता दिवस: 92 मिनट की स्पीच (दूसरा सबसे लंबा भाषण)
- साल 2020 का स्वतंत्रता दिवस: 83 मिनट की स्पीच
- साल 2021 का स्वतंत्रता दिवस: 90 मिनट की स्पीच
- साल 2022 का स्वतंत्रता दिवस: 83 मिनट की स्पीच












Click it and Unblock the Notifications