मणिशंकर अय्यर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के लिए कहे थे 'शर्मनाक' शब्द
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले निलंबित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर पहले भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं। मणिशंकर अय्यर के इस बयान को पीएम मोदी ने कहा था कि यह मुगल मानसिकता के अलावा और कुछ नहीं है। यह पहली बार नहीं है कि अय्यर ने इस तरह की भाषा के चलते कांग्रेस को शर्मिंदगी उठानी पड़ी हो।

अटल बिहारी वाजपेयी को कहा था 'नालायक'
अय्यर पहले भी भाजपा के शीर्ष नेताओं पर निजी हमले करते रहे हैं, जिससे उनकी पार्टी को कई बार शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ा। अय्यर ने 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी को 'नालायक' कहा था। उनकी टिप्पणी पर बवाल मचने पर कांग्रेस नेता को माफी मांगने पर मजबूर होना पड़ा था। उस समय भी अय्यर ने आज जैसा ही बचाव किया था और कहा था कि वह हिन्दी के शब्दों का आशय नहीं समझते हैं।

अय्यर ने मोदी को कहा था चायवाला
2014 लोकसभा चुनावों के दौरान मोदी पर अय्यर की 'चाय वाला' संबंधी टिप्पणी कांग्रेस के लिए भारी पड़ी थी। पीएम मोदी ने अय्यर की इस टिप्पणी को लोकसभा चुनावों में जमकर इस्तेमाल किया। पीएम ने चाय वाला शब्द को अपने निजी जीवन से जोड़कर चुनावों में इसे खूब भुनाया। दरअसल अय्यर ने दावा किया था कि मोदी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते और वह उस समय जारी कांग्रेस सम्मेलन में चाय ही बेच सकते हैं।

आतंकी हाफिज सईद को कह चुके हैं 'साहब'
अय्यर एक बार प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को 'हाफिज साहब' कह चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तानी टीवी चैनल पर साक्षात्कार के दौरान सुझाव दिया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति केवल तब संभव है जब मोदी सरकार गिर जाए। उन्होंने पाकिस्तान से भाजपा सरकार को गिराने में मदद को कहा। इतना ही नहीं मणिशंकर अय्यर के निशाने पर खुद राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी आ चुकी हैं। हिमाचल प्रदेश के कसौली में अय्यर ने कहा था कि , 'कांग्रेस अध्यक्ष या तो मां बनेगी या फिर बेटा। जब कोई प्रत्याशी है ही नहीं तो अध्यक्ष बनने के लिए चुनाव कैसे होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications