कोरोना संकट के बीच दिल्ली को अब सताएगी भीषण गर्मी लेकिन इन जगहों पर बरसेंगे बादल
नई दिल्ली। कोरोना संकट से जूझ रही राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ गई है,हालांकि भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलेगा और बारिश की संभावना बन रही है लेकिन आईएमडी ने कहा है कि दिल्ली का तापमान आने वाले दिनों में काफी बढ़ने वाला है, हो सकता है कि 43 डिग्री सेल्सियस का भी आंकड़ा पार कर जाए, इसलिए दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना कर पड़ सकता है।

वैज्ञानिकों ने पहले भी दी थी चेतावनी
मालूम हो कि इससे पहले भी वैज्ञानिकों ने इस बात की चेतावनी दी थी कि साल 2020 में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाला है, वैज्ञानिकों के मुताबिक साल 2020 निश्चित रूप से दुनिया का सबसे गर्म साल होगा, वैज्ञानिकों ने तो यहां तक कह दिया था कि इस साल गर्मी बीते 4 साल के सारे रिकॉर्ड को तोड़ देगी।

यूएस नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन
यूएस नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने भी अनुमान लगाया है कि साल 2020 काफी गर्म होने वाला है, अमेरिकी एजेंसी ने यह भी कहा कि 2020 बीते पांच सालों के गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा।

सबसे गर्म शहर महाराष्ट्र का अकोला
जबकि स्काईमेटवेदर के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे गर्म शहर महाराष्ट्र का अकोला रहा है, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।गर्म शहरों की टॉप टेन सूची में मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शहर भी शामिल हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान यहां होगी बारिश
स्काईमेट के मुताबिक चक्रवाती तूफान अम्फान का असर देश के दूसरे राज्यों पर भी पड़ रहा है, जिकी वजह से देश के आठ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी है, ये राज्य, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, असम, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और गोवा हैं, जबकि इनके अलावा देश के पूर्वोत्तर राज्य, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, मुज़फ्फराबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मध्य महाराष्ट्र, आंतरिक ओडिशा, पूर्वी झारखंड और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश होने की पूरी आशंका है।

चक्रवात अम्फान की वजह से मानसून में देरी
ऐसा कहा जा रहा है कि चक्रवात अम्फान की वजह से मानसून के पांच जून तक केरल में पहुंचने की उम्मीद है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि 'चक्रवात' मानसून की प्रगति में मदद करेगा, जो इस साल सामान्य रहने की संभावना है, उन्होंने साथ ही अलग-अलग राज्यों की मानसून डेट के बारे में भी बताया, विभाग ने कहा कि राजधानी दिल्ली में मानसून की सामान्य शुरुआत 23 जून से 27 जून के बीच में होगी तो वहीं दूसरी ओर मुंबई और कोलकाता में मानसून क्रमश: 10 और 11 जून के बीच पहुंचेगा और चेन्नई में 1 से 4 जून तक इसके पहुंचने की संभावना है, जबकि महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में, मानसून मौजूदा सामान्य तारीखों की तुलना में 3-7 दिनों की देरी से आएगा।












Click it and Unblock the Notifications