Aaj Ka Mausam: यूपी से लेकर ओडिशा तक गर्मी का तांडव जारी,40 जिलों में लू का अलर्ट, कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?
Aaj Ka Mausam: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां एक तरफ कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, वहीं कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ लगभग 88°E देशांतर के साथ 22°N अक्षांश के उत्तर में सक्रिय है . जिसकी वजह से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना जताई जा रही है।
आज भी हिमाचल, सिक्किम, कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश होने का अनुमान है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका व्यक्त की गई है तो वहीं 28 अप्रैल से 2 मई के बीच यूपी-बिहार में हल्की बरसात होने की आशंका है, जिसकी वजह से तापमान में कमी आ सकती है।

पश्चिमी राजस्थान, ओडिशा, गुजरात, रायलसीमा, छत्तीसगढ़ और उत्तरी तेलंगाना में भी तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। यहां के कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कोंकण और केरल के कुछ हिस्सों में आज उमस भरा मौसम बना रह सकता है। गुजरात और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में 28 से 29 अप्रैल तक गर्म और आर्द्र परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है, जबकि ओडिशा में 28 अप्रैल से 1 मई तक इसी तरह का मौसम रह सकता है।
कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?
अगर दिल्ली की बात करें तो सोमवार को दिल्ली में तापमान सामान्य से ज़्यादा रहा, और अलग-अलग जगहों पर पारा औसत से 4°C तक ऊपर चढ़ गया, हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे 'हीटवेव' (लू) घोषित नहीं किया, और मंगलवार से हल्की बारिश के साथ तापमान में थोड़ी गिरावट आने का संकेत दिया। कल शाम को रात 8 बजे से 9 बजे के बीच राजधानी में धूल भरी आंधी चली लेकिन देर रात तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई लेकिन आज शाम हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान
तापमान की बात करें तो, अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है।
Uttar Pradesh में 40 जिलों में भीषण लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 28 अप्रैल से मबादलों की आवाजाही तेज होगी। नोएडा, आगरा और मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। तो वहीं लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर समेत करीब 40 जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
Bihar के कुछ जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, दक्षिण बिहार में फिलहाल दो-तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है और लू का असर जारी रहने की उम्मीद है।
राजस्थान मे भीषण गर्मी, नहीं मिलेगी जल्द राहत
राजस्थान के मौसम को लेकर जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में कई स्थानों पर लू का असर देखने को मिल सकता है, खासकर पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही 28 से 29 अप्रैल के बीच पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
पंजाब और हरियाणा में हो सकती है हल्की बारिश
पंजाब और हरियाणा के लिए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 30 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 2 और 3 मई को भी कुछ इलाकों में इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है।
महाराष्ट्र मे कैसा रहेगा मौसम?
महाराष्ट्र के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अप्रैल तक अधिकतम तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। इसके बाद 30 अप्रैल से 3 मई के बीच तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर जारी रह सकता है, जबकि तटीय क्षेत्रों खासकर कोंकण में 28 अप्रैल के दौरान उमस भरा मौसम बना रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications