Aaj Ka Mausam: सूरज की तपिश से परेशान UP-Bihar, 8 राज्यों में लू का अलर्ट जारी, कहां होगी आज बारिश?
Aaj Ka Mausam: उत्तर से लेकर दक्षिण तक गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है, कई राज्यों में पारा अभी से ही 40 डिग्री का पारा पार कर गया है तो वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में आज यानी कि 27 अप्रैल को भी 8 राज्यों में 'लू' का अलर्ट जारी किया है, हालांकि राहत की बात ये है कि कई जगहों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-पानी की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल के बाद 'लू' की स्थिति में सुधार होगा। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में लू के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है तो वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में बारिश होने की आशंका है।

IMD ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे खूब पानी पिएं, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें, सिर ढकने के लिए टोपी या छाते का इस्तेमाल करें और बच्चों या पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ें।
दिल्ली में 'येलो अलर्ट', कब मिलेगी राहत?
IMD ने दिल्ली 'येलो अलर्ट' जारी किया है। उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और मध्य दिल्ली सहित कई इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है। तो वहीं मंगलवार से यहां पर मौसम में सुधार होगा। आज यहां पर न्यूनतम तापमान 25-27°C के बीच रहने की उम्मीद है, और अधिकतम तापमान 43-45°C के आसपास रहने की संभावना है।
कैसा रहेगा यूपी का हाल?
उत्तर प्रदेश में लगभग 55 जिलों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट है, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, वाराणसी, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर, जौनपुर, मऊ, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में आज शाम तक हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से फौरी राहत मिलेगी।
बिहार में हीटवेव, परेशान करेगी गर्मी
बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर है, कई जिलों में तापमान 42°C पार है। मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, गया में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में हीट वेव का अलर्ट जारी
राजस्थान में उमस भरी गर्मी और लू जारी है, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, भीलवाड़ा, अलवर में हीट वेव का अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड में 9 जिलों में आंधी-पानी की आशंका
उत्तराखंड में 9 जिलों में अंधड़ और झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। पिथौरागढ़, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
हिमाचल में होगी बरसात, आंंधी-तूफान की आशंका
चंबा, कांगड़ा, लाहौल और स्पीति, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है।












Click it and Unblock the Notifications