भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, मौसम विभाग ने बताया कब दस्तक देगा मानसून?
Monsoon News: पूरा देश भीषण गर्मी से बेहाल है। सुबह 9 बजे से सता देने वाली भयंकर धूप के साथ गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अच्छी खबर साझा की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारत में मानसून के आने की तारीख बता दी है।
IMD ने बुधवार को घोषणा करते हुए बताया है कि वर्तमान जलवायु पूर्वानुमानों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 31 मई के आसपास केरल में प्रवेश करने की उम्मीद है, जो बारिश के मौसम की शुरुआत का प्रतीक है।

मालूम हो कि केरल तक मानसून आम तौर पर पहली जून को पहुंचता है। इसके बाद 15 जुलाई तक पूरे देश को मानसून की बारिश कवर कर लेती है। इस बार उम्मीद है कि बारिश अनुमान से पहले शुरू हो जाएगी।
जिसे लेकर मौसम विभाग ने कहा कि वास्तविक शुरुआत 27 मई से 4 जून के बीच हो सकती है। मौसम एजेंसी ने अपने लेटेस्ट पूर्वानुमान में कहा, "इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून +/- 4 दिनों की मॉडल त्रुटि के साथ 31 मई को केरल में पहुंचने की संभावना है।"
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, "यह जल्दी नहीं है। यह सामान्य तारीख के करीब है क्योंकि केरल में मानसून की शुरुआत की सामान्य तारीख 1 जून है।"
दक्षिण पश्चिम मानसून एक मौसमी विंड पैटर्न है, जो भारत में महत्वपूर्ण बारिश लाता है, भारत की कृषि के लिए अहम है, क्योंकि यह देश की अधिकांश वार्षिक वर्षा प्रदान करता है। जून और जुलाई को कृषि के लिए सबसे महत्वपूर्ण मानसून महीने माना जाता है, क्योंकि इस अवधि में खरीफ फसल की अधिकांश बुआई होती है।
बता दें कि मानसून दक्षिण-पश्चिम से चलता है, आमतौर पर जून की शुरुआत में केरल पहुंचता है और सितंबर के अंत तक वापस चला जाता है। आईएमडी के मुताबिक इस साल मानसून सीजन के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। पिछले साल मानसून की शुरुआत अनुमानित तारीख से चार दिन की देरी से 8 जून को हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications