कृषि कानूनों पर सत्यपाल मलिक ने कुछ भी बोलने से किया इनकार, कहा- मेरे पास दिल्ली से फोन आ जाएगा
जयपुर, नवंबर 07। वर्तमान में मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक एकबार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। रविवार को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सत्यपाल मलिक ने कृषि कानूनों के मुद्दे पर कुछ भी बोलने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अगर मैं अभी कृषि कानूनों को लेकर कुछ कहूंगा तो ये अखबार वाले कुछ ना कुछ ऐसा लिख देंगे कि एक विवाद खड़ा हो जाएगा।
Recommended Video

दिल्ली से फोन आने का रहता है डर- सत्यपाल मलिक
सत्यपाल मलिक ने कहा कि मैं जब भी कुछ कहता हूं तो ये अखबार वाले ऐसा लिख देते हैं कि मैं दो हफ्ते तक इस इंतजार में रहता हूं कि कहीं दिल्ली से फोन तो नहीं आ जाएगा, हालांकि एक राज्यपाल को हटाया नहीं जा सकता है, लेकिन फिर भी मैं किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहता। सत्यपाल मलिक ने कहा कि मेरे शुभचिंतक इस तलाश में रहते हैं कि ये कुछ बोले और ये हटें, कुछ लोग मुझसे कहते हैं कि जब आपको इतनी दिक्कतें हो रही हैं तो फिर राज्यपाल से इस्तीफा क्यों नहीं दे देते तो मैं उनसे कहता हूं कि आपके पिताजी ने मुझे राज्यपाल बनाया है क्या?

दिल्ली में बैठे लोग जब कहेंगे, तब इस्तीफा दे दूंगा- सत्यपाल मलिक
सत्यपाल मलिक ने कहा कि मैं राज्यपाल खुद से नहीं बना हूं, मुझे दिल्ली में बैठे 2-3 लोगों ने राज्यपाल बनाया था, जिस दिन उनका फोन मेरे पास आ जाएगा, उस दिन मैं इस्तीफा दे दूंगा। सत्यपाल मलिक ने कहा कि दिल्ली में बैठे उन 2-3 लोगों के खिलाफ मैं लगातार बोल रहा हूं। इस दौरान सत्यपाल मलिक ने कहा कि दिल्ली में बैठे ये लोग एक जानवर के मरने पर भी शोक प्रकट कर देते हैं, लेकिन किसान आंदोलन के दौरान मारे जा चुके 600 लोगों के बारे में कुछ नहीं कहा जा रहा और ना ही लोकसभा में 600 किसानों के प्रस्ताव को पारित किया जा रहा है।

भाजपा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं सत्यपाल मलिक
आपको बता दें कि मेघालय के मौजूदा राज्यपाल सत्यपाल मलिक पिछले कुछ समय से भाजपा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर कहा था कि जब वो वहां के राज्यपाल थे तो इतने आतंकी हमले नहीं होते थे। इसके बाद उन्होंने गोवा की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए और अब उनका ये बयान भी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ ही माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications