गांव पहुंच मिट्टी पर क्यों बैठीं IAS परी बिशनोई, MLA पति भव्य बिश्नोई के हरियाणा में कब होगा ट्रांसफर?
IAS Pari Bishnoi Biography in Hindi: भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई का देसी लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2019 में30वीं रैंक लाकर आईएएस बनीं परी बिश्नोई पारंपरिक परिधान में धोरों (मिट्टी) पर बैठीं नजर आ रही हैं।

वन इंडिया हिंदी से खास बातचीत में आईएएस परी बिश्नोई ने अपने परिवार, गांव पहुंचकर धोरों पर बैठने की वजह, वर्तमान पोस्टिंग और सिक्किम से अपने ससुराल हरियाणा में ट्रांसफर कब होगा? समेत कई सवालों के जवाब दिए हैं।
दादा-दादी से मिलने गईं तब देसी लुक
परी बिश्नोई कहती हैं कि 'मैं राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा तहसील के गांव काकड़ा की रहने वाली हूं। वहां मेरे दादा-दादी रहते हैं। उनसे मिलने अक्सर जाती रहती हूं। पिछले दिनों दादा-दादी से मिलने गई थीं तब गुरु जम्भेश्वर के जन्मस्थान पीपासर भी जाकर आई थीं। पारंपरिक परिधान में धोरों पर बैठने वाली तस्वीर उसी वक्त की है।'

परी बिश्नोई ने इंस्टा पर शेयर की फोटो
परी बिश्नोई ने बताया कि जो देसी लुक वाली वायरल तस्वीर हैं, उसमें उन्होंने बिश्नोई समाज की पारंपरिक राजपूती ड्रेस पहन रखी है। ऐसा पहनावा परी की मां सुशीला देवी व बहन पलक बिश्नोई को भी काफी पसंद है।
पीपासर में देसी लुक वाली तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए परी बिश्नोई ने लिखा-'अपनी गलियाँ अपने रमने अपने जंगल अपनी हवा, चलते चलते वज्द में आएँ राहों में बे-राह चलें।'

आईएएस परी बिश्नोई की बहन, माता-पिता क्या करते हैं?
- परी बिश्नोई के एक छोटी बहन है, जिनका नाम पलक हैं। इनके भाई नहीं है।
- पलक बिश्नोई एलएलबी व एलएमएम कर चुकी हैं। वर्तमान में पलक बिश्नोई दिल्ली हाईकोर्ट में वकालत कर रही हैं।
- 26 फरवरी को जन्मीं परी बिश्नोई की मां सुशीला देवी राजस्थान पुलिस में सीआई हैं। वर्तमान में सुशीला देवी कोटा में पोस्टेड हैं।
- परी बिश्नोई के पिता मनीराम बिश्नोई एडवोकेट हैं। वहीं, दादा गोपीराम डेलू चार बार चार सरपंच रह चुके हैं।

परी बिश्नोई के पति भव्य बिश्नोई हैं विधायक
आईएएस परी बिश्नोई के पति भव्य बिश्नोई हरियाणा के पूर्व सीएम भजनलाल के पोते हैं। पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर सीट से भाजपा विधायक हैं।

परी बिश्नोई और भव्य बिश्नोई की शादी 22 दिसंबर 2023 को राजस्थान के उदयपुर में हुई। इसी दिन परी बिश्नोई के देवर क्रिकेटर चैतन्य बिश्नोई ने भी सृष्टि से शादी की थी। उदयपुर में शादी के बाद पुष्कर (अजमेर), आदमपुर (हिसार) व दिल्ली में रिसेप्शन रखा गया था।

सिक्किम के ग्यालशिंग में एडीसी हैं परी बिश्नोई
साल 2020 बैच की आईएएस अफसर परी बिश्नोई की वर्तमान पोस्टिंग सिक्किम के ग्यालशिंग में एडीसी पद पर है। यहां लोकसभा चुनाव 2024 में परी बिश्नोई रिटर्निंग अधिकारी की भूमिका निभाई है।
सिक्किम कैडर में परी बिश्नोई को फरवरी 2024 में ग्यालशिंग एडीसी पद पर लगाया गया था। इससे पहले लंबे समय तक परी बिश्नोई ने गंगटोक एसडीएम पद पर सेवाएं दी हैं।

अभी नहीं मिला हरियाणा कैडर-परी बिश्नोई
हरियाणा में भाजपा विधायक भव्य बिश्नोई से शादी के बाद से चर्चा है कि परी बिश्नोई का हरियाणा कैडर में ट्रांसफर होने वाला है। इस सवाल के जवाब में परी बिश्नोई कहती हैं कि अभी तो सिक्किम कैडर में ही सेवाएं दे रही हूं। हरियाणा कैडर में ट्रांसफर कब होगा? फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।












Click it and Unblock the Notifications