हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से भारतीय नागरिकों को लेकर IAF के C-17 ने भरी उड़ान, देखें वीडियो
गुरुवार को भारतीय वायुसेना यूक्रेन के पड़ोसी देशों के जरिए वहां फंसे छात्रों को निकालने के लिए तीन और उड़ानों का संचालन करेगी।
नई दिल्ली, 3 मार्च। भारतीय वायु सेना ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें भारतीय वायुस सेना का C-17 विमान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को हंगरी की राजधानी से बुडापेस्ट से लेकर भारत के लिए उड़ान भर रहा है। इसके अलावा तीन और सी-17 विमानों को आज रोमानिया, पोलैंड और हंगरी के लिए भेजा गया है।
ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक भारतीय वायुसेना के चार सी-17 विमान भारतीय नागरिकों को यूक्रेन की सीमा से लगे देशों से लेकर भारत आ चुके हैं। इन विमानों के जरिए अब तक 798 नागरिकों को भारत लाया गया है। इसके अलावा इन विमानों से 9.7 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गई है।

ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने का सिलसिला लगातार जारी है। युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए अब भारतीय सेना ने भी कमान संभाल ली है। छात्रों को वहां से निकालने के लिए सेना ने भी अपने विमान भेजे हैं। कल आईएएफ के तीन विमान यूक्रेन में फंसे भारतीयों को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट, हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट और पोलैंड के शहर जेजॉ से लेकर हिंडन अवाईअड्डे पर पहुंचे थे। गुरुवार को भारतीय वायुसेना यूक्रेन के पड़ोसी देशों के जरिए वहां फंसे छात्रों को निकालने के लिए तीन और उड़ानों का संचालन करेगी। भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने इस बात की जानकारी दी।
नागरिकों को लेकर चार विमान पहुंचे हिंडन एयरबेस
बता दें कि अफगानिस्तान संकट के समय वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना के सी-17 भारी भरकम विमान का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा पिछले साल कोरोना महामारी के समय ऑक्सीजन कंटेनरों को पहुंचाने के लिए भी इन विमानों का इस्तेमाल किया गया था. गुरुवार सुबह वायु सेना के चार विमान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर हिंडन एयरबेस पहुंचे थे, जिनकी अगुवानी रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने की। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन गंगा के स्तर को बढ़ाने के लिए वायु सेना को बचाव अभियान में शामिल होने के आदेश जारी किए थे।
यह भी पढ़ें: भारत में नए कोरोना केसों में 13 फीसदी गिरावट, 24 घंटों में 6561 नए मामले, 14 हजार से अधिक मरीज हुए ठीक
3000 भारतीय नागरिकों को लेकर भारत पहुंचेंगी फ्लाइट्स
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि गुरुवार को हंगरी, रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से 9 विमानों ने भारत के लिए उड़ान भरी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'भारतीय वायुसेना के विमानों सहित हंगरी, रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से आज 9 विमानों ने उड़ान भरी है। 6 और उड़ानों के शीघ्र प्रस्थान करने की उम्मीद है। कुल मिलाकर 3000 स्थानीय नागरिक इन विमानों के जरिए भारत लाए जा रहे हैं।'
अब तक 17000 भारतीयों ने छोड़ा यूक्रेन
बता दें कि भारत सरकार की ओर से एडवाइजरी जारी होने के बाद कुल 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं और यूक्रेन में फंसे शेष छात्रों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ानों की संख्या बढ़ा दी गई है। यूक्रेन छोड़ने वाले छात्रों में कुछ ऐसे भारतीय भी शामिल हैं जिन्होंने पहले कीव में भारतीय दूतावास में पंजीकरण नहीं कराया था। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूक्रने मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर, पीयूष गोयल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और अन्य अधिकारी शामिल हुए। यूक्रेन मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पिछले कुछ दिनों से लगातार बैठकें कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications