नंदी हिल्स से गिरकर 300 फीट नीचे फंसे छात्र का वायुसेना ने किया रेस्क्यू, 5 घंटे तक चला ऑपरेशन
बेंगलुरु, फरवरी 20। कर्नाटक के नंदी हिल्स इलाके में रविवार को भारतीय वायुसेना ने स्थानीय पुलिस की मदद से 19 साल के एक लड़के का रेस्क्यू किया। यह लड़का नंदी हिल्स की एक खड़ी चट्टान से 300 फीट नीचे एक चट्टान पर फंस गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना के साथ चिकबल्लापुर पुलिस भी शामिल रही, जिसकी मदद से उस लड़के को बचा लिया गया।

पहाड़ी पर फंसे होने के बाद भी परिवार से किया संपर्क
जानकारी के मुताबिक, यह लड़का जिस जगह पर फंसा था, वहां से हिलने-डुलने में भी असमर्थ था, लेकिन इसके बावजूद भी उसने हिम्मत नहीं हारी और दिल्ली में अपने परिवार और पुलिस से संपर्क किया और अपनी स्थिति के बारे में बताया। निशांक शर्मा नाम का यह लड़का बेंगलुरु में PES यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। रविवार को सुबह वो नंदी हिल्स के लिए बाइक से निकला। यह पर्यटन स्थल वीकेंड डेस्टिनेशन के लिए बहुत फेमस जगह है। पुलिस के मुताबिक, घर लौटने से पहले निशांक ने बाइक से नंदी हिल्स जाने की योजना बनाई थी।
वायुसेना ने हेलीकॉप्टर की मदद से निशांक को बचाया
Recommended Video
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निशांक ने चट्टान से गिरने के कुछ घंटे बाद अपने फोन से दिल्ली में परिवार से संपर्क किया और उसके स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। जैसे ही उन्हें सूचना मिली, पुलिस उपाधीक्षक वासुदेव के नेतृत्व में एक पुलिस दल ने बचाव दल के साथ निशंक की तलाश शुरू कर दी। निशांक लगातार आवाज लगा रहा था और तलाश में जुटी वायुसेना ने उसकी आवाज को सुन लिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की मदद से निशांक को बचाया गया।
5 घंटे तक चला ऑपरेशन
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर की मदद से भी निशांक को बचाने में करीब 5 घंटे लग गए थे। वायुसेना ने स्थानीय प्रशासन की मदद से इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। निशांक को सुरक्षित बचा लिया गया और उसे मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया। बताया जा रहा है कि निशांक की पीठ में कुछ चोटें आई हैं। यहां वो बिना खाना और पानी पीए बिना काफी घंटों तक फंसे रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications