Vizag gas leak: राहुल गांधी बोले-घटना से स्तब्ध हूं, पीड़ितों के लिए की प्रार्थना
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एलजी पॉलिमर इंडस्ट्री में गुरुवार की सुबह बड़ी घटना हुई जब यहां पर गैस लीक की वजह से सात लोगों की मौत की खबर आई। घटना में 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनडीएमए) की मीटिंग बुलाई है। घटना आरआर वेंकटपुरम गांव में हुई है।
Recommended Video

ट्वीट कर जताई संवेदनाएं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया और लिखा, 'मैं वाइजैग में हुई गैस लीक की घटना की खबर से स्तब्ध हूं। मैं इलाके के कांग्रेस वर्कर्स और नेताओं से अपील करता हूं कि वे प्रभावित लोगों को सभी जरूरी मदद मुहैया कराएं। मेरी संवेदनांए पीड़ितों के साथ हैं। जो लोग अस्पताल में हैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी बीमारों से मिलने के लिए अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद से इलाके में अफरातफरी का माहौल है। कंपनी के आसपास के पांच गांवों को खाली कराया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, 'गैस लीक की घटना परेशान करने वाली है, हम लगातार और करीब से घटना की निगरानी कर रहे हैं। मैं विशाखापट्टनम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।' आध्रं प्रदेश के डीजीपी ने बताया है कि अभी तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से एक व्यक्ति की मौत भागने की कोशिश में कुएं में गिर जाने के कारण हुई। बताया जा रहा है कि गैस लीक की घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बता दें कि लॉकडाउन के चलते प्लांट बंद था।












Click it and Unblock the Notifications