कब होंगे लोकसभा चुनाव? जानें कैसे तय की जाती है आम चुनाव की तारीख
Lok Sabha Elections 2024: देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होगा। 2019 का लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई के दौरान हुआ था। अब 18वीं लोकसभा के सदस्यों का चुनाव किया जाना है।
ऐसे में पार्टियों के साथ-साथ चुनाव आयोग भी आम चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। अभी हर किसी के मन में यह सवाल है कि 2024 के लोकसभा चुनाव कब होंगे। हालांकि, निर्वाचन आयोग की तरफ से अभी चुनाव की तारीखों का आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन बीते चुनाव के आधार पर संभावित समय सीमा का आकलन किया जा सकता है।

कैसे तय होती है लोकसभा चुनाव की तारीख?
लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा के चुनावों का आयोजन करवाने का काम भारतीय चुनाव आयोग करती है। तय समय सीमा में चुनाव पूरा करवाना चुनाव आयोग का कर्तव्य है। लोकसभा चुनाव की तारीख तय करने में आयोग की भूमिका प्रमुख होती है। लोकसभा का कार्यकाल पांच साल का होता है। कार्यकाल की समय सीमा पूरी होने से पहले ही चुनाव पूरे हो जाने चाहिए।
चुनाव की तारीखें तय करने में आयोग को काफी चीजों का ध्यान रखना होता है। चुनाव के लिए ऐसी तारीख का चुनाव करना होता है जिस दौरान मौसम अनुकूल रहे। ज्यादा गर्मी या ज्यादा बारिश की संभावना को देखने के बाद ही तारीख तय की जाती है।
इसके अलावा, तारीखों का चुनाव करते वक्त ये भी ध्यान रखा जाता है कि उससे किसी भी राजनीतिक दल को फायदा ना पहुंचे और चुनाव निष्पक्ष रूप से पूरा हो। इन सभी बातों के अलावा यह भी देखना होता है कि कोई भी धार्मिक त्योहार, नेशनल हॉलीडेज, एग्जाम पेपर की डेट उस दौरान न पड़े। सुरक्षाबलों की मौजूदगी को भी ध्यान चुनाव की तारीख तय करते समय रखा जाता है।
कब किया जाता है चुनाव की तारीखों का ऐलान?
पिछले दो लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर नजर डालें तो चुनाव की तारीखों के ऐलान और मतदान के बीच करीब 40 से 50 दिन का अंतर रखा गया था। साल 2019 लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में कराए गए थे, लेकिन चुनाव आयोग ने मार्च की शुरुआत में ही तारीखों की घोषणा कर दी थी।
आयोग ने 2014 के लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 5 मार्च को की थी। इस दौरान 9 चरणों में चुनाव करवाए गए थे। पिछले दो लोकसभा चुनावों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल में भी मार्च के पहले हफ्ते में चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications