Tripura: मंदिर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर भड़के लोग, अज्ञात लोगों ने 12 घरों में लगाई आग
Tripura: पुलिस ने सोमवार को बताया कि पश्चिमी त्रिपुरा के रानीरबाजार में एक मंदिर में मूर्ति को क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद अज्ञात व्यक्तियों ने कम से कम 12 घरों और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अनंत दास ने पीटीआई-भाषा को बताया, "कैतुरबाड़ी में देवी काली की मूर्ति खंडित पाए जाने के बाद रविवार देर रात उपद्रवियों ने रानीरबाजार में करीब 12 घरों में आग लगा दी।

आग में कुछ मोटरसाइकिलें और पिकअप वैन भी जलकर खाक हो गईं।" प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ को देखकर लोग अपने घरों से भाग गए। दास ने बताया कि तनाव को नियंत्रित करने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक, खुफिया, अनुराग धनखड़ और पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने इलाके का दौरा किया।
उन्होंने कहा, "संपत्ति के नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज करेगी। स्थिति नियंत्रण में है।"
टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने सोमवार को घटना पर चिंता व्यक्त की और सभी से कानून और व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, "रानीरबाजार कैतुरबारी इलाके में कल रात की घटना सांप्रदायिक झड़पों की खबरों के साथ चिंताजनक संकेत है। मैं उन लोगों से अपील करता हूं जो कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं कि वे कानून के शासन का पालन करें।"
उन्होंने कहा, "जब हमारा राज्य प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है और इतना तनाव है, तो कुछ तत्व केवल धार्मिक राजनीति खेल रहे हैं। उपद्रवियों से उनकी आस्था की परवाह किए बिना सख्ती से निपटा जाना चाहिए - कानून सभी के प्रति तटस्थ होना चाहिए। मैं त्रिपुरा से इन कठिन समय में एकजुट होने और एक-दूसरे से नहीं लड़ने का आग्रह करता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications