पंजाब में पीएम का काफिला रोके जाने पर गृह मंत्रालय सख्त, चन्नी सरकार से मांगी रिपोर्ट
पंजाब में पीएम का काफिले रोके जाने पर गृह मंत्रालय नेमांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली, 5 जनवरी: पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को प्रदर्शनकारियों के रोके जाने पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। गृह मंत्रालय ने इसे पीएम की सुरक्षा में चूक और लापरवाही मानते हुए पंजाब सरकार से इस पर रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय ने अपने बयान में पंजाब पुलिस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को लेकर उठाए कदमों से नाखुशी जताई है।
Recommended Video

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आज सुबह पीएम मोदी बठिंडा पहुंचे, जहां से उन्हें हेलिकॉप्टर से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था। बारिश और खराब विजिबिलिटी के चलते तय किया गया कि वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय शहीद स्मारक का दौरा करेंगे। इसकी जानकारी डीजीपी पंजाब को दी गई और पंजाब पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की पुष्टि कर दी गई। इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से चले तो हुसैनीवाला के राष्ट्रीय शहीद स्मारक से 30 किलोमीटर पहले उनके काफिले को एक काफिला एक फ्लाईओवर पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क ब्लॉक कर रोक लिया।
गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री को 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहना पड़ा। यह प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी। पंजाब पुलिस को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सड़क मार्ग से किसी भी मूवमेंट को सुरक्षित करने की व्यवस्था करनी थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में पीएम मोदी के काफिले को बठिंडा एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। गृह मंत्रालय ने सुरक्षा में इस गंभीर चूक का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। राज्य सरकार से इस चूक की जिम्मेदारी तय करने और सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।

फिरोजपुर में थी रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज फिरोजपुर में चुनावी रैली थी। हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाने के बाद उनको रैली के लिए जाना था। पीएम मोदी का काफिला रोके जाने के बाद यह रैली रद्द कर दी गई। रैली रद्द करने की वजह बारिश को बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications