'कई ऐसे अच्छे काम हैं, जो कुछ लोग मेरे लिए ही छोड़ गए हैं', श्री कल्कि धाम मंदिर के शिलान्यास में बोले PM मोदी
Shri Kalki Dham: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 फरवरी को संभल जिले में श्री कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने इस खास अवसर पर श्री कल्कि धाम मंदिर के मॉडल का अनावरण भी किया है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ''कई ऐसे अच्छे काम हैं, जो कुछ लोग मेरे लिए ही छोड़ कर चले गए हैं। आगे भी जितने अच्छे काम रह गए हैं, उनको भी संतों और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हम पूरा करेंगे।''

पीएम मोदी ने कहा, ''अभी आप सभी की उपस्थिति में मुझे भव्य कल्कि धाम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है। मुझे विश्वास है कि कल्कि धाम भारतीय आस्था के एक और विराट केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा।''
जानिए PM मोदी ने अपने संबोधन में क्या-क्या कहा?
- पीएम मोदी ने कहा, ''आज यूपी की धरती से भक्ति, भाव और अध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है। आज पूज्य संतों की साधना और जनमानस की भावना से एक और पवित्र धाम की नींव रखी जा रही है।''
- पीएम मोदी ने कहा, ''आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म-जयंती भी है। ये दिन इसलिए और भी पवित्र और प्रेरणादायक हो जाता है। आज हम देश में जो सांस्कृतिक पुनरोदय देख रहे हैं, अपनी पहचान पर गर्व कर रहे हैं, ये प्रेरणा हमें छत्रपति शिवाजी महाराज से ही मिलती है। मैं इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।''
- पीएम मोदी ने कहा, ''भगवान राम की तरह ही कल्कि अवतार भी हजारों वर्षों की रूपरेखा तय करेगा। हम ये कह सकते हैं कि कल्कि कालचक्र के परिवर्तन के प्रणेता भी हैं और प्रेरणास्रोत भी हैं।''
- पीएम मोदी ने कहा, ''हम विकास भी, विरासत भी के मंत्र को आत्मसात करते हुए चल रहे हैं।''
- पीएम मोदी ने कहा, ''पहली बार भारत का नागरिक चाहे वो दुनिया के किसी भी कोने में हो, अपने आप को गौरवान्वित महसूस करता है। देश में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का ज्वार अद्भुत है। इसलिए आज हमारी शक्ति भी अनंत है और हमारे लिए संभावनाएं भी अपार हैं।''
श्री कल्कि धाम का निर्माण, श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। श्री कल्कि धाम के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं। पीएम मोदी के अलावा इस कार्यक्रम में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में कई संत, धार्मिक नेता और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए हैं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने हाल ही में इसके लिए पीएम मोदी को निमंत्रण दिया था। जिसके बाद उन्हें कांग्रेस ने "पार्टी विरोधी टिप्पणियों" के लिए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications