हेमा मालिनी का प्रचार का अनोखा तरीका, खेतों में महिलाओं के साथ मिलकर काटी फसल
मथुरा: एक्ट्रेस से राजनेता बनी बीजेपी की मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने रविवार को अपना चुनाव प्रचार शुरू किया। उन्होंने ये तस्वीरें अपने ट्विटर पर भी शेयर की। ये तस्वीरें मथुरा लोकसभा सीट की गोवर्धन क्षेत्र की हैं। यहां हेमा मालिनी का अनोखा अंदाज देखने को मिला। इस समय गेंहू की फसलों की कटाई चल रही है। ड्रीम गर्ल के नाम से मशहूर हेमा मालिनी महिलाओं से बातचीत करने के लिए खेतों में पहुंच गई। यहां पहुंचकर उन्होंने महिलाओं की गेंहू काटने में मदद की।

'हेमा मालिनी का अनोखा अंदाज'
हेमा मालिनी ने महिलाओं के साथ खेतों मे बिताए गए समय की तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मेरे लोकसभा चुनाव में प्रचार की शुरुआत गोवर्धन क्षेत्र से हुईं। यहां मुझे खेतों में काम करने वाली महिलाओं के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। मेरे अभियान के पहले दिन के लिए कुछ तस्वीरें।

महिलाओं के साथ खेतों में काम किया
हेमा मालिनी ने जब अचानक खेतों में पहुंची तो महिलाओं में आश्चर्य में पड़ गई। ड्रीम गर्ल ने खेतों में अपने संसदीय क्षेत्र की महिलाओं की मदद करनी शुरू की। उन्होंने दराती से उनके साथ मिलकर गेंहूं की फसल काटी। भरी दोपहर में उन्होंने महिलाओं को अपने इस अंदाज से खुश कर दिया। हेमा ने उनसे बहुत देर तक बात भी की और अपने लिए वोट मांगे। गौरतलब है कि हेमा मालिनी ऐलान कर चुकी है। ये उनका आखिरी चुनाव है। साल 2014 के चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजित सिंह के लड़के जयंत सिंह को मात दी थी। इस इलाके को जाट बहुल इलाका माना जाता है।

महागठबंधन से मिल रही है कड़ी टक्कर
हेमा मालिनी को इस बार मथुरा सीट से महागठबंधन से कड़ी टक्कर मिल रही है। इस सीट पर 18 अप्रैल को वोटिंग होगी। हेमा मालिनी यहां से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं। कुंवर नरेंद्र सिंह इस सीट पर महागठबंधन के उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस ने महेश पाठक को इस सीट से मैदान में उतारा है। लेकिन इस सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी और महागठबंधन के बीच होता दिख रहा है। गौरतलब है कि हेमा मालिनी के नामांकन के दिन यहां सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे और हेमा के पक्ष में रैली को संबोधित किया था।












Click it and Unblock the Notifications