जयपुर-दिल्ली हाईवे पर लगा 10 किलोमीटर लंबा जाम, 26 सितंबर तक बंद रहेगा हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर
गुरुग्राम, सितंबर 21। एनएच-48 पर जयपुर से दिल्ली की तरफ आने वाले रास्ते पर बुधवार को भयानक ट्रैफिक जाम लग गया। दरअसल, गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक पर बने फ्लाइओवर का मुख्य कैरिजवे बंद होने के कारण मानेसर से लेकर हीरो होंडा चौक तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने फ्लाइओवर बंद होने की एडवाइजरी मंगलवार को जारी कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद भी हजारों की संख्या में लोग इस रूट से दिल्ली की तरफ लौटे और जाम में फंस गए।
Recommended Video

26 सितंबर तक बंद रहेगा हीरो होंडा फ्लाईओवर
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया था कि हीरो होंडा चौक पर बने फ्लाइओवर का जयपुर-दिल्ली सेक्शन 21 सितंबर से 26 सितंबर तक बंद रहेगा। इन दिनों में इस सेक्शन का लोड टेस्टिंग और मरम्मत कार्य किया जाएगा, इसलिए लोग वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यह कार्य NHAI द्वारा पूरा होना है। एडवाइजरी जारी होने के बाद भी लोग बुधवार को इसी रास्ते से दिल्ली की तरफ लौट रहे थे, लेकिन हैवी ट्रैफिक होने के कारण 10 किलोमीटर तक जाम रहा। लोगों को इस दौरान 2 किलोमीटर की दूरी तय करने में भी करीब 25 मिनट का समय लगा।
क्या कहा गया ट्रैफिल पुलिस की एडवाइजरी में
मंगलवार को जारी हुई गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया था कि जयपुर से आने वाले और दिल्ली की ओर जाने वाले लोग हीरो होंडा चौक से होकर न जाएं। फ्लाईओवर की जगह लोग सर्विस लेन का इस्तेमाल करें। साथ ही जयपुर से आने वाले और सुभाष चौक की ओर जाने वाले लोग भी सर्विस लेने का ही उपयोग करें और फिर फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लें और बाद में सुभाष चौक की ओर बाएं मुड़ें।












Click it and Unblock the Notifications