मुंबई में तबाही की बारिश, कई इलाकों में भरा पानी,17 फ्लाइट्स डायवर्ट
मुंबई। आर्थिक नगरी मुंबई में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले कई दिनों से मुंबई में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के चलते शहर के तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जगह-जगह जलभराव की वजह से गाड़ियां जाम में फंस गईं। वहीं हवाई यात्रा करने वाले लोग भी परेशान हुए। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एमआईएएल) के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण विमान औसतन 30 मिनट देरी से उड़ान भर रहे हैं।

मुंबईकर को कई इलाके जलमग्न नजर आए। सड़के, रेलवे पटरियां व निचली बस्तियां पानी में डूबी हुई हैं। पश्चिम व मध्य रेलवे की उपनगरीय लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। परेल, दादर, वडाला, कुर्ला, सॉयन, तिलक नगर, अंधेरी, सांताक्रूज, खार, गोरेगांव, मलाड में सड़कों पर बाढ़ से हालात बन गए हैं। इससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने भी शुक्रवार को अगले 24 घंटों में मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। लोगों की सुरक्षा के लिए भी पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने इस बारे में बोलते हुए कहा कि अगले 4 घंटों के दौरान ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और साथ ही कई इलाकों में तेज़ आंधी देखने को मिल रही है। मुंबई के मोतीलाल नगरपोस्ट ऑफिस (गोरेगांव), वीरा देसाई रोड (अंधेरी), एस.वी. रोड, नेशनल कॉलेज (बांद्रा), सायन रोड नंबर 244 गांधी मार्केट (किंग सर्कल) इलाकों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। जल भराव की वजह से अंधेरी के पास मेट्रो को बंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications