उत्तराखंड: टिहरी के कोटगांव में बादल फटने से तबाही, 8 लोग दबे, 3 के शव निकाले गए
लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह राज्य के टिहरी गढ़वाल जिले में बूढ़ा केदार के पास कोट गांव में बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया।
नई दिल्ली। उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों पर तांडव मचाया हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह राज्य के टिहरी गढ़वाल जिले में बूढ़ा केदार के पास कोट गांव में बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। बादल फटने के बाद भूस्खलन हुआ और 8 लोग मलबे के नीचे दब गए। इनमें से 3 के शव निकाले जा चुके हैं। बाकी लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चल रहा है। पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई है।

आपको बता दें कि उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण गंगा समेत राज्य की सभी नदियां उफान पर हैं। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, अल्मोडा, बागेश्वर और रानी खेत समेत कई इलाके भारी बारिश की चपेट में हैं। बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से जान-माल के काफी नुकसान की भी खबर है। प्रशासन की टीम बारिश को देखते हुए लगातार अलर्ट पर है।
मौसम विभाग की ओर से समय-समय पर जारी हो रही चेतावनी पर आपदा प्रबंधन विभाग का कहना है कि लगातार सतर्कता बरती जा रही है। रेस्क्यू टीम भी अलर्ट पर है। नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित इलाकों पर पहुंचाया गया है। आपदा परिचालन केंद्र ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही रोकने, रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य का संचालन बंद करने और एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications