क्या ओमिक्रोन आने से कम होगा वैक्सीन डोज के बीच का गैप? स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिया जवाब
नई दिल्ली, 2 दिसंबर: कोरोना वायरस की दूसरी लहर से दुनिया अभी उबरी ही थी कि अब ओमिक्रोन वेरिएंट ने टेंशन बढ़ा दी है। भारत सरकार ने इसको रोकने के लिए तमाम कड़े कदम उठाए, लेकिन गुरुवार को देश में दो मामले सामने आ आए। इसके बाद से संभावना जताई जा रही थी कि सरकार दो डोज के बीच के अंतराल में बदलाव कम करेगी, लेकिन अब स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस पर सफाई दी है। साथ ही टीकाकरण प्रोग्राम के बारे में बताया।

गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा कि कर्नाटक में ओमिक्रोन के दो मामले सामने आए हैं, लेकिन अभी वैक्सीन की डोज के बीच के गैप को कम करने की कोई योजना नहीं है। पहले की ही तरह वैक्सीनेशन प्रोग्राम जारी रहेगा। इसके अलावा कोविड के ओमिक्रोन वेरिएंट की सावधानी से जांच की जा रही, उसी आधार पर ही निर्णय लिया जा रहा है। अब वैक्सीन लेना समय की जरूरत है, ऐसे में सभी लोग जल्द से जल्द दोनों डोज ले लें।
वहीं कर्नाटक में ओमिक्रोन वेरिएंट के दो मामले सामने आए हैं। जिसमें एक की उम्र 66 और दूसरी की 46 साल है। उनसे संबंधित सवाल पर डॉ. पॉल ने कहा कि आज हमारे पास सभी जवाब नहीं हैं, लेकिन हमारे वैज्ञानिक और प्रयोगशालाएं इस पर काम कर रही हैं। विज्ञान और अनुभव के माध्यम से हम नई स्थिति से निपटेंगे। अभी तक ये देखा गया कि जिन देशों ने वायरस को हल्के में लिया है, वहां पर हालात बद से बदतर हो गए। इस वजह से सभी को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना चाहिए।
37 लैब में जीनोम सिक्वेंसिंग
वहीं आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने 37 प्रयोगशालाओं में जीनोम सिक्वेंसिंग की व्यवस्था कर रखी है। उन्हीं के जरिए कर्नाटक में दो मामलों का पता चला है। अभी हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरुकता बहुत ज्यादा जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications