हनीप्रीत के 38 दिन तक चले 'चोर-पुलिस' के खेल की पूरी कहानी
नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इंसां आखिरकार मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गई। उसे चंडीगढ़ के पास स्थित मोहाली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे जीरकपुर-पटियाला रोड से पकड़ा है। पंचकूला के डीसीपी मनवीर सिंह ने हनीप्रीत की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। उनके मुताबिक, हनीप्रीत को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस को पूरा हक अपनी पीठ खुद ही थपथपाने का लेकिन हकीकत में हनीप्रीत को पुलिस ने नहीं पकड़ा बल्कि हनीप्रीत ने खुद पुलिस को सुराग दिए। इस गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े किए हैं, जिनके जवाब अब भी पुलिस के पास नहीं हैं।


सच तो यह है कि हरियाणा पुलिस को कुछ नहीं पता था
सच तो यह है कि हरियाणा पुलिस के पास कोई ठोस जानकारी हनीप्रीत के बारे में थी ही नहीं। सूत्रों के मुताबिक, हनीप्रीत ने मंगलवार सुबह आज तक चैनल के रिपोर्टर को इंटरव्यू दिया।
चैनल पर दिखाई गई फुटेज में हनीप्रीत कार में बैठी है और रिपोर्टर उसके साथ बात कर रहा है। जिस वक्त यह इंटरव्यू लिया जा रहा था उस वक्त बाहर अंधेरा था। संभव है कि इंटरव्यू सोमवार रात को लिया गया हो या मंगलवार तड़के।

हनीप्रीत ने चैनल को इंटरव्यू दिया, यहीं से मिला सुराग
इंटरव्यू के दौरान हनीप्रीत की बातों से साफ लग रहा था कि वह सरेंडर का मन बना चुकी थी। उस वक्त तक पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन चैनल को इंटरव्यू देने के बाद से हरियाणा पुलिस हरकत में दिखाई देती है। ऐसा संभव है कि पुलिस ने हनीप्रीत की लोकेशन के बारे में रिपोर्टर से पूछा हो और उसके बाद वह एक्टिव हो गई। ऐसा नहीं है कि हनीप्रीत को यह नहीं पता था कि इंटरव्यू के बाद पुलिस को उसकाा सुराग लग जाएगा, उसे इतना तो पता ही था, लेकिन उसने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि अब वह सामने आने के लिए हर तरह से तैयार थी। मतलब हनीप्रीत ने जब चाहा, जैसे चाहा पुलिस को अपनी अंगुलियों पर नचाया।

जीरकपुर में रुकी हुई थी हनीप्रीत
बताया जा रहा है कि हनीप्रीत चंडीगढ़ और पंचकूला से सटे जीरकपुर इलाके में रुकी हुई थी। जीरकपुर में डेरा सच्चा सौदा के कई अनुयायी रहते हैं। यह कोई दूर-दराज का इलाका भी नहीं है। जीरकपुर में उसके रुके होने का मतलब यह हुआ कि हनीप्रीत नेपाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश या बिहार नहीं गई। वह खुद भी नेपाल जाने की बात से इनकार कर रही है। ऐसे में स्पष्ट है कि हनीप्रीत की लोकेशन के बारे में हरियाणा पुलिस को कुछ नहीं पता था। उन्होंने जो भी सूचना मिली वह चैनल को हनीप्रीत के इंटरव्यू के बाद मिली।

तो क्या इतने दिनों से हरियाणा-पंजाब में ही छिपी थी हनीप्रीत?
अगर बीते कुछ दिनों से हनीप्रीत हरियाणा के जीरकपुर में थी तो क्या वह इतने दिनों से भी इसी इलाके में छिपी थी। मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए साफ लग रहा है कि हनीप्रीत हरियाणा या पंजाब के ही इलाके में छिपी थी या हो सकता है दिल्ली में। जहां कुछ दिनों पहले वह अपने वकील से मिलने भी गई थी। ऐसा संभव है कि हनीप्रीत के करीबियों ने मीडिया में उसके नेपाल भागने की खबर को जानबूझकर फीड किया हो।













Click it and Unblock the Notifications